अमेरिका का बड़ा ऐलान: मोजतबा खामेनेई पर 1 करोड़ डॉलर का इनाम, कई अधिकारी भी रडार में…

अमेरिका ने ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई और उनसे जुड़े कई वरिष्ठ अधिकारियों के बारे में जानकारी देने पर 1 करोड़ डॉलर तक के इनाम की घोषणा की है। अमेरिकी विदेश विभाग के ‘रिवॉर्ड्स फॉर जस्टिस’ कार्यक्रम के तहत यह कदम उठाया गया है। इस फैसले को अमेरिका-ईरान के बढ़ते तनाव के बीच बड़ा संदेश माना जा रहा है।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 14 March 2026, 2:17 AM IST

New Delhi: अमेरिका और ईरान के बीच लंबे समय से जारी तनाव के बीच एक बार फिर बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। अमेरिका ने ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई और उनसे जुड़े कई वरिष्ठ अधिकारियों के बारे में जानकारी देने पर भारी इनाम की घोषणा की है।

अमेरिकी विदेश विभाग के रिवॉर्ड्स फॉर जस्टिस कार्यक्रम के तहत यह घोषणा की गई है। इस कार्यक्रम के अनुसार यदि कोई व्यक्ति इन अधिकारियों और उनके नेटवर्क के बारे में ठोस जानकारी देता है, तो उसे अधिकतम 1 करोड़ डॉलर तक का इनाम दिया जा सकता है।

अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि यह कदम ईरान की सैन्य और सुरक्षा संरचना से जुड़े नेटवर्क पर दबाव बढ़ाने के लिए उठाया गया है। वाशिंगटन का मानना है कि इन नेटवर्क की गतिविधियां अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा के लिए चुनौती बन सकती हैं। इसलिए इनके बारे में जानकारी जुटाने के लिए वैश्विक स्तर पर अपील की गई है।

किन-किन अधिकारियों के बारे में मांगी गई जानकारी

अमेरिकी विदेश विभाग की डिप्लोमैटिक सिक्योरिटी सर्विस ने इस संबंध में एक बैनर जारी कर कई वरिष्ठ ईरानी अधिकारियों के नाम सार्वजनिक किए हैं। सूची में मोजतबा खामेनेई के अलावा उनके पिता के पूर्व डिप्टी चीफ ऑफ स्टाफ अली असगर हेजाजी और ईरान के वरिष्ठ अधिकारी अली लारीजानी का नाम भी शामिल बताया गया है।

भारत के लिए बड़ी राहत: LPG लेकर शिवालिक ने पार किया होर्मुज, एक और टैंकर को मिली मंजूरी

इसके अलावा ईरान के सर्वोच्च नेता के वरिष्ठ सैन्य सलाहकार याह्या रहीम सफावी, ईरान के गृह मंत्री इस्कंदर मोमेनी और खुफिया मंत्री इस्माइल खतीब के बारे में भी जानकारी मांगी गई है। अमेरिका का दावा है कि इन अधिकारियों का संबंध ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स यानी आईआरजीसी से जुड़े फैसलों और गतिविधियों से रहा है। इसी वजह से अमेरिकी एजेंसियां इनके नेटवर्क और गतिविधियों के बारे में विस्तृत जानकारी जुटाने की कोशिश कर रही हैं।

सुरक्षित माध्यमों से दी जा सकती है जानकारी

रिवॉर्ड्स फॉर जस्टिस कार्यक्रम के तहत अमेरिका ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास इन अधिकारियों या आईआरजीसी से जुड़े नेटवर्क के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी है, तो वह सुरक्षित माध्यमों से संपर्क कर सकता है। इसके लिए एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग प्लेटफॉर्म और टोर नेटवर्क आधारित संचार प्रणाली की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, ताकि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह सुरक्षित रह सके।

Airfare Rise: हवाई यात्रियों के लिये बड़ा झटका, फ्यूल सरचार्ज में बढ़ोत्तरी से टिकट महंगी, जानिये कितने बढ़े दाम

अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि यदि दी गई जानकारी उपयोगी और प्रमाणित साबित होती है, तो सूचना देने वाले व्यक्ति को अधिकतम 1 करोड़ डॉलर तक का इनाम दिया जाएगा। विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते राजनीतिक और सुरक्षा तनाव का एक और संकेत है। आने वाले समय में इस फैसले का असर अंतरराष्ट्रीय राजनीति और पश्चिम एशिया की सुरक्षा स्थिति पर भी पड़ सकता है।

Location : 
  • New Delhi

Published : 
  • 14 March 2026, 2:17 AM IST