अडानी एयरपोर्ट बिजनेस में बड़ा निवेश, टेमासेक-ब्लैकरॉक समेत दिग्गजों से मिले 9,825 करोड़ रुपये

अडानी एंटरप्राइजेज की सब्सिडियरी अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स ने निवेशकों के इस समूह के साथ बाइंडिंग एग्रीमेंट किया है। इसके तहत कंपनी नए शेयर जारी करेगी और निवेशकों को अधिकतम 5.54% तक हिस्सेदारी दी जाएगी। इस डील के बाद भी अडानी एंटरप्राइजेज एयरपोर्ट बिजनेस की कंट्रोलिंग शेयरहोल्डर बनी रहेगी।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 9 September 2026, 10:39 AM IST

नई दिल्ली: अडानी ग्रुप ने एयरपोर्ट कारोबार को विस्तार देने के लिए बड़ा कदम उठाया है। ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अडानी एंटरप्राइजेज ने अपनी एयरपोर्ट यूनिट में हिस्सेदारी बेचकर करीब 9,825 करोड़ रुपये (लगभग 1 अरब डॉलर) जुटाने का ऐलान किया है। इस डील में दुनिया के बड़े निवेशक ब्लैकरॉक, टेमासेक, प्रेमजी इन्वेस्ट और अल्फा वेव जैसे नाम शामिल हैं।

अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स में बिकेगी 5.54% तक हिस्सेदारी

अडानी एंटरप्राइजेज की सब्सिडियरी अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स ने निवेशकों के इस समूह के साथ बाइंडिंग एग्रीमेंट किया है। इसके तहत कंपनी नए शेयर जारी करेगी और निवेशकों को अधिकतम 5.54% तक हिस्सेदारी दी जाएगी।

इस डील के बाद भी अडानी एंटरप्राइजेज एयरपोर्ट बिजनेस की कंट्रोलिंग शेयरहोल्डर बनी रहेगी।

18 अरब डॉलर आंकी गई कंपनी की वैल्यू

इस निवेश सौदे में अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स की प्री-मनी इक्विटी वैल्यूएशन करीब 18 अरब डॉलर आंकी गई है। हालांकि कंपनी ने अभी तक यह जानकारी साझा नहीं की है कि निवेश की रकम कितनी-कितनी किश्तों में आएगी और शेयर किस कीमत पर जारी किए जाएंगे।

एयरपोर्ट नेटवर्क के विस्तार पर खर्च होगा पैसा

कंपनी के मुताबिक, इस फंड का इस्तेमाल भारत में एयरपोर्ट नेटवर्क को और मजबूत बनाने, मौजूदा एयरपोर्ट्स के आधुनिकीकरण, कमर्शियल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट और ग्राउंड हैंडलिंग व पैसेंजर सर्विस जैसे कारोबार को बढ़ाने में किया जाएगा।

अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स देश की सबसे बड़ी एयरपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनियों में शामिल है। कंपनी देश के 8 एयरपोर्ट्स का संचालन करती है, जिनमें मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट भी शामिल है। ये एयरपोर्ट देश के करीब 25% पैसेंजर ट्रैफिक और 33% एयर कार्गो वॉल्यूम को संभालते हैं।

कौन-कौन हैं निवेशक?

इस निवेशक समूह में शामिल हैं:

  • Temasek की Jongson Investment
  • Alpha Wave III
  • Premji Invest का PI Opportunities Fund
  • BlackRock के फंड्स

इनमें सबसे बड़ा नाम ब्लैकरॉक का है। ब्लैकरॉक दुनिया की सबसे बड़ी एसेट मैनेजमेंट कंपनियों में से एक है।

ब्लैकरॉक और लैरी फिंक की ताकत

ब्लैकरॉक के CEO लैरी फिंक को दुनिया के सबसे प्रभावशाली वित्तीय शख्सियतों में गिना जाता है। कंपनी करीब 15.3 ट्रिलियन डॉलर की एसेट्स को मैनेज करती है।

ब्लैकरॉक की दुनिया की बड़ी कंपनियों, शेयर बाजारों और बॉन्ड मार्केट में बड़ी हिस्सेदारी है। अमेरिका स्थित यह कंपनी ग्लोबल निवेश जगत में बेहद प्रभावशाली मानी जाती है।

अडानी एंटरप्राइजेज के शेयर में उछाल

इस बड़ी डील की खबर के बाद अडानी एंटरप्राइजेज के शेयरों में तेजी देखने को मिली। बीएसई पर पिछले सत्र में कंपनी का शेयर 2,959.80 रुपये पर बंद हुआ था।

बुधवार को शेयर 2,963.35 रुपये पर खुला और कारोबार के दौरान करीब 3.5% की तेजी के साथ 3,075 रुपये तक पहुंच गया। कंपनी का 52 हफ्ते का उच्चतम स्तर 3,245 रुपये है।

Location :  New Delhi

Published :  9 September 2026, 10:39 AM IST