
प्रतीकात्मक छवि (फोटो सोर्स-इंटरनेट)
New Delhi: ईरान के साथ बढ़ते तनाव के बीच इजरायल ने अपनी सैन्य ताकत को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। इजरायल रक्षा मंत्रालय ने घोषणा की है कि वह अमेरिका से अत्याधुनिक F-35I और F-15IA लड़ाकू विमानों के दो नए स्क्वाड्रन खरीदेगा। इस प्रस्ताव को सीनियर मंत्रियों की डिफेंस डील कमेटी ने मंजूरी दे दी है।
इस डील के तहत चौथा F-35I स्क्वाड्रन Lockheed Martin से और दूसरा F-15IA स्क्वाड्रन Boeing से खरीदा जाएगा। इन सौदों की कीमत अरबों डॉलर में बताई जा रही है। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, ये विमान आने वाले वर्षों में इजरायल की सुरक्षा रणनीति की रीढ़ साबित होंगे।
नई डील के बाद आने वाले समय में इजरायली वायुसेना के F-35I विमानों की कुल संख्या बढ़कर 100 तक पहुंच जाएगी, जबकि F-15IA बेड़े की संख्या 50 हो जाएगी। वर्तमान में इजरायल के पास 48 F-35I विमान हैं, जो पहले दिए गए 50 विमानों के ऑर्डर का हिस्सा हैं।
इसके अलावा, 2023 में इजरायल ने 25 और F-35 विमानों का ऑर्डर दिया था, जिनकी डिलीवरी 2028 से शुरू होने की उम्मीद है। वहीं, 2024 में 25 F-15IA विमानों का ऑर्डर दिया गया, जिनकी डिलीवरी 2031 से शुरू होगी।
रक्षा मंत्रालय के महानिदेशक अमीर बाराम ने कहा कि यह सौदा केवल वर्तमान जरूरतों को पूरा करने के लिए नहीं, बल्कि आने वाले 10 वर्षों और उससे आगे तक इजरायल की सैन्य बढ़त बनाए रखने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने अमेरिकी अधिकारियों के साथ जल्द ही इस डील को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए हैं।
इजरायल के रक्षामंत्री इजराइल काट्ज ने कहा कि हालिया संघर्ष ने वायुसेना की निर्णायक भूमिका को फिर साबित किया है। इस अनुभव के आधार पर देश अपनी हवाई ताकत को और उन्नत बना रहा है।
रिपोर्ट के अनुसार, हाल ही में अमेरिका से 6,500 टन सैन्य सामान लेकर जहाज भी इजरायल पहुंचे हैं। इससे दोनों देशों के बीच मजबूत रणनीतिक साझेदारी का संकेत मिलता है।
F-35I और F-15IA जैसे आधुनिक फाइटर जेट अपनी उन्नत तकनीक, लंबी मारक क्षमता और अत्याधुनिक हथियार प्रणाली के कारण बेहद खतरनाक माने जाते हैं। ये विमान दुश्मन के रडार से बचकर सटीक हमले करने में सक्षम हैं, जिससे इजरायल की सैन्य शक्ति में बड़ा इजाफा होने की उम्मीद है।
Location : New Delhi
Published : 4 May 2026, 7:55 AM IST
Topics : f 35 fighter jet Iran Israel tensions Iran Israel war Israel defense deal US Israel relations