हिंदी
हमाम अल-हमामी जांच (Img: X)
New Delhi: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट (FZ1073) के कॉकपिट में ओमान के को-पायलट हमाम अल-हमामी (Hamam Al Hamami) ने भारतीय कैप्टन स्मित मच्छर (Smitt Machar) पर चाकू से हमला कर दिया। हमले के दौरान विमान अचानक 33 हजार फीट से गिरकर 17 हजार फीट की ऊंचाई पर आ गया, जिसे बाद में सऊदी अरब के तबुक में सुरक्षित उतारा गया। 174 लोगों से भरी इस फ्लाइट में हुए इस सनसनीखेज मामले में आरोपी के कट्टरपंथी संपर्कों, फिलिस्तीन समर्थक सामग्रियों और विमान को क्रैश कराने की कथित साजिश की जांच कई अंतरराष्ट्रीय एजेंसियां कर रही हैं। लेकिन अब आरोपी की पहचान सामने आई है और उसका सीरिया कनेक्शन सामने आया है।
सऊदी अरब की न्यूज एजेंसी अल अरबिया इंग्लिश और अन्य मीडिया रिपोर्टों के अनुसार आरोपी की पहचान ओमान के नागरिक हमाम अल-हमामी के रूप में हुई है। रिपोर्टों में दावा किया गया है कि उसने लंबे समय तक सीरिया में समय बिताया था। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इस दौरान वह किन लोगों के संपर्क में आया और उसके विचारों पर इसका क्या असर पड़ा। हालांकि, उसके कथित कट्टरपंथी विचारों और आतंकी संगठन अलकायदा की विचारधारा से प्रभावित होने संबंधी दावे अभी जांच का हिस्सा बताए जा रहे हैं।
सीएनएन और फॉक्स न्यूज की रिपोर्टों के मुताबिक, 2024 में हमाम अल-हमामी को ओमान की राष्ट्रीय एयरलाइन में पायलट ट्रेनिंग से हटाया गया था। रिपोर्टों में इसके पीछे कथित कट्टरपंथी विचारों और कट्टरपंथी इस्लामिक वेबसाइटों से जुड़ी गतिविधियों को वजह बताए जाने का दावा किया गया है। हालांकि, इसके बाद उसे एयरलाइन में दूसरी जिम्मेदारी दिए जाने की बात भी रिपोर्टों में सामने आई है। वह करीब आठ महीने पहले फ्लाईदुबई से जुड़ा था। इससे पहले उसके रॉयल एयर मैरोक के साथ काम करने की जानकारी भी सामने आई है।
आई24 न्यूज ने जांच से जुड़े सूत्रों के हवाले से दावा किया कि हमाम अल-हमामी के सामान से ‘फ्री फिलिस्तीन’ समूहों से जुड़ी पर्चियां और अन्य फिलिस्तीन समर्थक सामग्री मिली थी।रिपोर्ट के अनुसार, वह कथित तौर पर फिलिस्तीनियों के समर्थन और इजराइल के विरोध की बातें भी करता था। जांच एजेंसियां इन सामग्रियों और उसके बयानों की भी जांच कर रही हैं।
मामले की जांच में सबसे गंभीर पहलू यह बताया जा रहा है कि क्या पायलट पर हमला विमान को जानबूझकर गिराने की कोशिश का हिस्सा था। आई24 न्यूज ने जांच से जुड़े सूत्र के हवाले से दावा किया कि पूछताछ के दौरान अल-हमामी ने विमान को इजराइल में क्रैश कराने की बात कही। हालांकि यह एक जांच संबंधी दावा है और इसकी स्वतंत्र आधिकारिक पुष्टि की जानकारी सामने नहीं आई है।
मामला फ्लाईदुबई की FZ1073 फ्लाइट का बताया जा रहा है, जो दुबई से तेल अवीव जा रही थी। रिपोर्टों के मुताबिक उड़ान के करीब ढाई घंटे बाद को-पायलट हमाम अल-हमामी ने कॉकपिट में कैप्टन स्मित मच्छर पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में कैप्टन गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बावजूद उन्होंने हमलावर का सामना किया और कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया। इसके बाद क्रू मेंबर्स और यात्रियों ने अंदर पहुंचकर आरोपी को काबू किया।
ये भी पढ़ें: “पहली चिंता बेटे की सलामती थी”, फ्लाईदुबई कैप्टन स्मित के पिता ने बताया उस मुश्किल वक्त का हाल
रिपोर्ट के मुताबिक हमले के दौरान विमान तेजी से नीचे आने लगा। फ्लाइटरडार24 के आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया गया कि विमान करीब एक मिनट में 33 हजार फीट से 17 हजार फीट की ऊंचाई तक नीचे आ गया। हालात संभालने में दो ऑफ-ड्यूटी पायलटों ने भी मदद की। इसके बाद विमान को सऊदी अरब के तबुक में आपातकालीन लैंडिंग कराई गई।
हमले के समय विमान में कुल 174 लोग सवार थे। इनमें ज्यादातर इजराइली यात्री बताए गए हैं। विमान में भारत और UAE के नागरिक भी मौजूद थे। अमेरिकी विदेश विभाग के मुताबिक चार यात्री अमेरिकी नागरिक थे। कैप्टन स्मित मच्छर हमले में गंभीर रूप से घायल हुए। उन्हें सऊदी अरब से एयरलिफ्ट कर अबू धाबी लाया गया, जहां उनका इलाज चलने की जानकारी दी गई है।
ओमान और इजराइल के बीच राजनयिक संबंध नहीं हैं। ऐसे में जांच एजेंसियां इस सवाल पर भी ध्यान दे रही हैं कि अल-हमामी को तेल अवीव जाने वाली फ्लाईदुबई की फ्लाइट में को-पायलट की जिम्मेदारी कैसे मिली। सीएनएन के अनुसार, इजराइल की शिन बेट, मोसाद, सेना और परिवहन मंत्रालय समेत कई एजेंसियां इस मामले के अलग-अलग पहलुओं की जांच कर रही हैं।
जांच का एक प्रमुख हिस्सा यह भी है कि पहले उठी कथित चिंताओं के बावजूद वह फ्लाइट क्रू में कैसे शामिल हुआ। घटना के बाद आरोपी को सऊदी अरब से UAE भेजे जाने की जानकारी है, जहां उसके खिलाफ आतंकवाद से जुड़े आरोपों की जांच की जा रही है।
Location : New Delhi
Published : 3 October 2026, 12:16 PM IST
No related posts found.