UK Accident: वेल्स में विमान हादसे में भारतीय पति-पत्नी की मौत, पति थे पायलट, कई दिन बाद हुई पहचान

उत्तरी वेल्स में एक हल्के विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से भारतीय मूल के दंपती की मौत हो गई। मृतकों की पहचान केतन स्वाली और उनकी पत्नी शीतल के रूप में हुई है। केतन विमान के पायलट बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया गया।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 20 August 2026, 4:41 AM IST
google-preferred

New Delhi Desk: उत्तरी वेल्स के एक दुर्गम इलाके में शुक्रवार को हुए विमान हादसे में भारतीय मूल के दंपती की जान चली गई। हादसे के कई दिन बाद बुधवार को पुलिस ने दोनों की पहचान सार्वजनिक की। मृतकों की पहचान केतन स्वाली और उनकी पत्नी शीतल के तौर पर हुई है। बताया जा रहा है कि केतन स्वाली Piper PA-28 विमान उड़ा रहे थे और उनकी पत्नी भी उसी विमान में सवार थीं। हादसे के बाद इलाके में बड़े स्तर पर खोज और बचाव अभियान चलाया गया।

टेटनहिल एयरपोर्ट से भरी थी उड़ान

जानकारी के मुताबिक, केतन स्वाली और उनकी पत्नी शीतल ने वेस्ट मिडलैंड्स इलाके में स्थित टेटनहिल एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। विमान को उत्तर-पश्चिम वेल्स के कैर्नारफान हवाई अड्डे पर पहुंचना था। लेकिन निर्धारित समय तक विमान वहां नहीं पहुंचा। इसके बाद विमान के लापता होने की सूचना पुलिस को दी गई। विमान का पता लगाने के लिए जमीन और हवा दोनों स्तरों पर तलाश अभियान शुरू किया गया।

दुर्गम इलाके में मिला विमान

तलाशी अभियान के दौरान विमान का मलबा उत्तरी वेल्स के एक दूरस्थ इलाके में मिला। हादसे में विमान सवार दोनों लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हादसे के पीछे की वजह सामने नहीं आई है। विमान ने उड़ान कब और किस स्थिति में भरी थी, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस ने मृतकों के परिवारों को घटना की जानकारी दे दी है। हादसे के बाद भारतीय मूल के दंपती की मौत की खबर से उनके परिचितों और परिवार में शोक का माहौल है।

उत्तरी केन्या में भी हेलीकॉप्टर हादसा

इसी बीच उत्तरी केन्या के एक दूरदराज इलाके में बुधवार सुबह एक हेलीकॉप्टर भी दुर्घटनाग्रस्त हो गया। नैरोबी से मिली जानकारी के मुताबिक, हेलीकॉप्टर माउंट ओलोलोकवे की पहाड़ियों के दुर्गम इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हुआ। हेलीकॉप्टर में छह यात्रियों और एक पायलट समेत कुल सात लोग सवार थे। हादसे के बाद राहत और बचाव दल मौके की ओर रवाना किए गए। फिलहाल हेलीकॉप्टर में सवार यात्रियों और पायलट की स्थिति के बारे में जानकारी सामने नहीं आई है। दुर्घटना के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।

Location :  New Delhi

Published :  20 August 2026, 4:41 AM IST

Related News

Advertisement