अमेरिकी भारतीय जोत सिंह ने रचा इतिहास, जॉर्जिया के पहले दस्तारखारी सिख विधायक बनें

अमेरिका के जॉर्जिया राज्य से भारतीय समुदाय के लिए गर्व की खबर सामने आई है। जोत सिंह ने State house के district  97 से चुनाव जीतकर एक नई मिसाल कायम की है। इस जीत के साथ वह जॉर्जिया की विधानसभा में पहुंचने वाले पहले भारतीय-अमेरिकी और सिख-अमेरिकी बन गए हैं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 5 November 2026, 12:16 PM IST

Jalandhar: अमेरिका के जॉर्जिया राज्य से भारतीय समुदाय के लिए गर्व की खबर सामने आई है। जोत सिंह ने State house के district  97 से चुनाव जीतकर एक नई मिसाल कायम की है। इस जीत के साथ वह जॉर्जिया की विधानसभा में पहुंचने वाले पहले भारतीय-अमेरिकी और सिख-अमेरिकी बन गए हैं। जोत सिंह की इस उपलब्धि को अमेरिकी राजनीति में भारतीय और सिख समुदाय की बढ़ती पहचान के रूप में देखा जा रहा है। उनकी जीत से न केवल भारतीय मूल के लोगों में खुशी है, बल्कि यह अमेरिका में सिख समुदाय के राजनीतिक प्रतिनिधित्व की दिशा में भी एक बड़ी कामयाबी मानी जा रही है।

 सिख परिवार से विधायक बनने तक का सफर, जोत सिंह की जीत पर समुदाय में जश्न 

जोत सिंह का बचपन जॉर्जिया के नॉरक्रॉस में एक मेहनती सिख प्रवासी परिवार के बीच बीता। एक साधारण परिवार से निकलकर राज्य की राजनीति में इतनी बड़ी सफलता हासिल करना भारतीय समुदाय के लिए प्रेरणा बन गया है। चुनाव में उन्होंने रिपब्लिकन उम्मीदवार यासीन मोगाजी को बड़े अंतर से हराया। चुनावी नतीजों के मुताबिक, जोत सिंह को कुल 68 प्रतिशत वोट मिले, जबकि उनके विरोधी को केवल 32 प्रतिशत मत हासिल हुए। उनकी जीत की खबर मिलते ही नॉरक्रॉस के गुरु नानक मिशन सोसाइटी में सिख समुदाय के लोग इकट्ठा हुए और खुशी मनाई। इस दौरान लोगों ने 'बोले सो निहाल, सत श्री अकाल' के जयकारे लगाकर अपनी खुशी जाहिर की। चुनाव प्रचार के दौरान जोत सिंह ने सिख धर्म के इतिहास और उसकी शिक्षाओं को भी सामने रखा। उन्होंने अन्याय, अत्याचार और लोगों के अधिकारों के खिलाफ आवाज उठाने की बात कही। उनके चुनावी वादों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, सस्ते मकान, अच्छी शिक्षा और महंगाई जैसे अहम मुद्दे शामिल थे। इसके अलावा उन्होंने प्रवासी परिवारों और नौकरी करने वाले लोगों की समस्याओं को भी अपनी प्राथमिकता बताया था।

सिख परिवार से विधायक बनने तक का सफर(x)

अकाल तख्त साहिब ने दी बधाई, हरिमंदिर साहिब आने का भेजा न्योता

जोत सिंह की चुनावी जीत पर श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने भी उन्हें बधाई दी है। उन्होंने जोत सिंह को अमृतसर के सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब पहुंचकर गुरु के दर्शन करने और आशीर्वाद लेने का निमंत्रण दिया है। इस खबर के बाद सिख समुदाय में खुशी का माहौल है। जोत सिंह ने येल विश्वविद्यालय से पढ़ाई की है। उनकी इस सफलता को अमेरिका में रहने वाले भारतीय मूल के युवाओं के लिए एक प्रेरणा के तौर पर देखा जा रहा है। उनकी जीत दिखाती है कि भारतीय मूल के लोग अपनी मेहनत, अच्छी शिक्षा और समाज के प्रति भागीदारी से अमेरिका की राजनीति में भी अपनी जगह बना रहे हैं। अब सभी की नजरें विधानसभा में जोत सिंह के कामकाज पर रहेंगी। लोगों को उम्मीद है कि वह अपने क्षेत्र की समस्याओं को सदन में उठाएंगे और अलग-अलग समुदायों के लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखकर काम करेंगे।

Location :  New Delhi

Published :  5 November 2026, 12:15 PM IST