Middle East Crisis: होर्मुज स्ट्रेट में भारतीय टैंकरों पर किसने चलाई गोलियां, ईरान ने कहा- हमें नहीं है जानकारी

होर्मुज स्ट्रेट के पास भारतीय झंडे वाले दो तेल टैंकरों पर फायरिंग की घटना से तनाव बढ़ा। ईरान ने अनभिज्ञता जताई, जबकि भारत ने कड़ा विरोध दर्ज कर जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 19 April 2026, 9:51 AM IST

New Delhi: ओमान के पास स्थित होर्मुज स्ट्रेट के करीब दो भारतीय झंडे वाले तेल टैंकरों पर गोलीबारी की खबर सामने आई है। इन टैंकरों के नाम ‘जग अर्नव’ और ‘सनमार हेराल्ड’ बताए जा रहे हैं, जो इराक से तेल लेकर आ रहे थे। इस घटना ने पहले से तनावपूर्ण पश्चिम एशिया क्षेत्र में चिंता और बढ़ा दी है।

ईरान के प्रतिनिधि का बयान

भारत में ईरान के सुप्रीम लीडर के प्रतिनिधि डॉ. अब्दुल मजीद हकीम इलाही ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें इस तरह की किसी घटना की जानकारी नहीं है। हालांकि उन्होंने यह जरूर कहा कि भारत और ईरान के रिश्ते मजबूत हैं और किसी भी समस्या का समाधान बातचीत के जरिए किया जा सकता है।

भारत-ईरान संबंधों पर जोर

इलाही ने कहा कि भारत और ईरान के बीच हजारों साल पुराने सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संबंध हैं। उन्होंने दोनों देशों के बीच बढ़ते सहयोग और आपसी समझ को सकारात्मक बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान के बीच हुई बातचीत को भी सफल करार दिया।

भारत की कड़ी प्रतिक्रिया

इस घटना के बाद भारत ने सख्त रुख अपनाया है। विदेश मंत्रालय ने भारत में ईरान के राजदूत डॉ. मोहम्मद फ़तहली को तलब कर औपचारिक विरोध दर्ज कराया। अधिकारियों ने जहाजों और नाविकों की सुरक्षा को लेकर अपनी गंभीर चिंता व्यक्त की।

Iran Isreal US War: होर्मुज में ईरानी प्रतिबंध के बीच हुई गोलीबारी; भारतीय टैंकरों ने रास्ता बदला

विदेश मंत्रालय का बयान

विदेश मंत्रालय (MEA) ने अपने बयान में कहा कि भारत व्यापारिक जहाजों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। मंत्रालय ने यह भी याद दिलाया कि ईरान पहले भी भारतीय जहाजों को सुरक्षित मार्ग प्रदान करता रहा है। ऐसे में इस घटना को गंभीर मानते हुए ईरान से तुरंत कार्रवाई की अपेक्षा की गई है।

क्षेत्रीय तनाव और असर

पश्चिम एशिया में पहले से जारी संघर्ष के बीच इस तरह की घटनाएं तेल आपूर्ति और कीमतों को प्रभावित कर सकती हैं। होर्मुज स्ट्रेट वैश्विक तेल व्यापार के लिए बेहद अहम मार्ग है, जहां किसी भी प्रकार का तनाव अंतरराष्ट्रीय बाजार पर असर डाल सकता है।

बड़ी खबर: होर्मुज स्ट्रेट पूरी तरह खुला, लेबनान सीजफायर लाया रंग, ईरान ने किया ये बड़ा ऐलान

आगे की स्थिति पर नजर

भारत ने ईरान से अपील की है कि वह इस मामले को गंभीरता से ले और होर्मुज से गुजरने वाले भारतीय जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित करे। ईरानी राजदूत ने भारत की चिंताओं को अपने अधिकारियों तक पहुंचाने का भरोसा दिया है। फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम पर दोनों देशों की नजर बनी हुई है।

Location :  New Delhi

Published :  19 April 2026, 9:51 AM IST