लॉस एंजेलिस में हेलीकॉप्टर क्रैश, तीन लोगों की मौत; हादसे के बाद लगी भीषण आग

अमेरिका के लॉस एंजेलिस के सैन फर्नांडो वैली स्थित चैट्सवर्थ इलाके में न्यूज हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। हेलीकॉप्टर दो शिपिंग कंटेनरों और कई वाहनों के ऊपर गिरा, जिसके बाद भीषण आग लग गई। हादसे की वजह की जांच जारी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 16 September 2026, 9:56 AM IST

लॉस एंजेलिस: अमेरिका के लॉस एंजेलिस में एक न्यूज हेलीकॉप्टर हादसे का शिकार हो गया। सैन फर्नांडो वैली के चैट्सवर्थ इलाके में हुए इस हादसे में तीन लोगों की मौत की पुष्टि की गई है। शुरुआती रिपोर्ट में एक व्यक्ति की मौत की जानकारी सामने आई थी, लेकिन बाद में अधिकारियों ने मृतकों की संख्या बढ़कर तीन होने की पुष्टि की।

दो कमर्शियल इमारतों के बीच गिरा हेलीकॉप्टर

लॉस एंजेलिस फायर डिपार्टमेंट के अनुसार, हादसा नॉर्थ मेसन एवेन्यू के 9100 ब्लॉक के पास दो कमर्शियल इमारतों के बीच हुआ। हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त होकर वहां रखे दो शिपिंग कंटेनरों और कई वाहनों के ऊपर जा गिरा। टक्कर के बाद घटनास्थल पर भीषण आग लग गई।

हादसे की सूचना मिलते ही लॉस एंजेलिस फायर डिपार्टमेंट की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। इस दौरान ऊपर उड़ रहा स्काईकैल हेलीकॉप्टर घटनास्थल की तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्ड करता रहा।

हादसे के बाद मलबे में शव की तलाश

आग पर काबू पाने के बाद फायरकर्मियों और लॉस एंजेलिस पुलिस ने घटनास्थल पर एक शव के ऊपर कैनोपी लगा दी। अधिकारियों के सामने अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि दुर्घटना के समय न्यूज हेलीकॉप्टर में कुल कितने लोग सवार थे।

मलबे की विस्तृत जांच अभी की जानी बाकी है। इसके बाद हादसे में मारे गए लोगों और संभावित घायलों की संख्या को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

हेलीकॉप्टर कैसे हुआ क्रैश, जांच जारी

हादसे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। लॉस एंजेलिस पुलिस और फायर डिपार्टमेंट की टीमें घटनास्थल पर जांच कर रही हैं। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हेलीकॉप्टर ने अचानक नियंत्रण क्यों खोया और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई। अधिकारियों द्वारा मलबे और घटनास्थल से जुटाए जाने वाले सबूतों के आधार पर हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।

Location :  Los Angles

Published :  16 September 2026, 9:56 AM IST