Dubai-Tel Aviv Flight: 7500 कोड से मचा हड़कंप, सऊदी अरब में उतरा विमान; हाईजैकिंग की आशंका से अलर्ट

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट ने उड़ान के दौरान 7700 और फिर 7500 इमरजेंसी कोड भेजे, जिसके बाद हाईजैकिंग की आशंका से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। विमान ने रूट बदलकर सऊदी अरब के ताबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। घटना की वजह की जांच जारी है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 30 September 2026, 1:12 PM IST

New Delhi: दुबई से इजरायल के तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की एक कमर्शियल फ्लाइट में इमरजेंसी सिग्नल मिलने के बाद हड़कंप मच गया। विमान ने उड़ान के दौरान अपना रास्ता बदला और सऊदी अरब की ओर मुड़ गया। कुछ समय के लिए विमान के हाईजैक होने की आशंका पैदा हो गई। हालांकि, विमान बाद में सऊदी अरब के ताबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतर गया।

पहले 7700, फिर 7500 कोड से बढ़ी चिंता

फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, विमान की ओर से पहले 7700 स्क्वॉक कोड भेजा गया। विमानन क्षेत्र में यह सामान्य इमरजेंसी का संकेत माना जाता है। इसके बाद 7500 कोड ट्रांसमिट होने की जानकारी सामने आई, जिसे संभावित हाईजैकिंग या अनधिकृत हस्तक्षेप से जोड़ा जाता है।

7500 कोड के बाद विमान के रूट में बदलाव हुआ और वह सऊदी अरब की दिशा में चला गया। इस घटनाक्रम के बाद इजरायली सुरक्षा व्यवस्था भी अलर्ट हो गई। रिपोर्टों के अनुसार, इजरायल ने विमान को लेकर अपने लड़ाकू विमानों को भी अलर्ट किया था।

ताबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग

विमान ने आखिरकार सऊदी अरब के ताबुक एयरपोर्ट पर लैंडिंग की। फ्लाईदुबई की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, ताबुक रीजनल एयरपोर्ट सऊदी अरब में स्थित है और एयरपोर्ट का कोड TUU है।

लैंडिंग के बाद विमान की स्थिति को लेकर सुरक्षा एजेंसियों की ओर से जानकारी जुटाई गई। शुरुआती रिपोर्टों में वास्तविक हाईजैकिंग की पुष्टि नहीं हुई है।

‘आपके बिना सब सूना’, यूपी चुनाव से पहले बृजभूषण सिंह के बयान से सियासी तूफान, सपा प्रमुख अखिलेश यादव को लेकर कह दी बड़ी बात

पायलटों के बीच विवाद की भी चर्चा

इजरायली सुरक्षा सूत्रों के हवाले से आई रिपोर्टों में कहा गया है कि विमान में मौजूद पायलटों के बीच कथित विवाद भी इस घटना की वजह हो सकता है। कुछ रिपोर्टों में इसे पायलटों के बीच शारीरिक झड़प से भी जोड़ा गया है। हालांकि, घटना की पूरी वजह की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।

इस घटना ने विमान में मौजूद यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा को लेकर चिंता जरूर बढ़ा दी। फिलहाल सबसे अहम बात यह है कि विमान ने सऊदी अरब में सुरक्षित लैंडिंग कर ली है और मामले की जांच जारी है।

Location :  New Delhi

Published :  30 September 2026, 12:46 PM IST