Artemis II Success: चंद्रमा की परिक्रमा कर लौटे अंतरिक्ष यात्री, 53 साल बाद रचा इतिहास; पढ़ें पूरी खबर

नासा का आर्टेमिस II मिशन सफलतापूर्वक पूरा हो गया है। चार अंतरिक्ष यात्री चंद्रमा की परिक्रमा कर 10 दिन बाद सुरक्षित पृथ्वी पर लौट आए। 53 साल बाद इंसानों ने चांद के पास तक पहुंचकर नया इतिहास रचा। इस मिशन ने भविष्य के चंद्र और मंगल अभियानों के लिए अहम रास्ता तैयार किया है।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 11 April 2026, 6:54 AM IST

New Delhi: दुनिया के लिए ऐतिहासिक पल उस समय आया जब NASA का आर्टेमिस II मिशन सफलतापूर्वक पूरा होकर पृथ्वी पर लौट आया। चार अंतरिक्ष यात्रियों ने चंद्रमा की परिक्रमा कर सुरक्षित वापसी की, जिससे 1972 में हुए अपोलो 17 के बाद पहली बार इंसान चांद के इतने करीब पहुंचे।

यह मिशन न केवल तकनीकी रूप से अहम रहा, बल्कि इसने मानव अंतरिक्ष अन्वेषण के नए युग की शुरुआत भी कर दी है।

10 दिन की ऐतिहासिक यात्रा

आर्टेमिस II मिशन में कमांडर रीड वाइसमैन, पायलट विक्टर ग्लोवर, मिशन स्पेशलिस्ट क्रिस्टीना कोच और जेरेमी हैनसेन सवार थे। इन चारों ने लगभग 10 दिन की यात्रा पूरी की।

US-Iran War Talk: शांति वार्ता के लिए सेरेना होटल क्यों चुना गया? सामने आई बड़ी वजह…

इस दौरान अंतरिक्ष यात्रियों ने चंद्रमा के दूर वाले हिस्से का करीब से अवलोकन किया और लगभग 2,52,756 मील (करीब 4,06,771 किलोमीटर) की दूरी तय कर मानव इतिहास में सबसे दूर की यात्रा का रिकॉर्ड बनाया। यात्रा के दौरान क्रू ने चंद्रमा की अद्भुत तस्वीरें लीं, कई वैज्ञानिक प्रयोग किए और एक पूर्ण सूर्यग्रहण का भी अनुभव किया।

स्प्लैशडाउन और सुरक्षित वापसी

मिशन का सबसे रोमांचक पल तब आया जब अंतरिक्ष यान ओरियन अंतरिक्ष यान ने पृथ्वी के वायुमंडल में प्रवेश किया। यह यान ध्वनि की गति से 32 गुना तेज रफ्तार से आगे बढ़ा और हजारों डिग्री तापमान का सामना किया।

इसके बाद पैराशूट की मदद से इसकी गति कम की गई और यह प्रशांत महासागर में सुरक्षित उतरा। यह स्प्लैशडाउन सैन डिएगो तट से लगभग 40-60 मील दूर हुआ, जहां अमेरिकी नौसेना की टीम ने तुरंत क्रू को सुरक्षित बाहर निकाला।

पाकिस्तान तक जा रही थी LIVE फुटेज… ISI-BKI कनेक्शन का बड़ा खुलासा, 11 गिरफ्तार

भविष्य के मिशनों के लिए बड़ी उम्मीद

आर्टेमिस II मिशन, आर्टेमिस प्रोग्राम का अहम हिस्सा है, जिसका लक्ष्य चंद्रमा पर स्थायी मानव बेस स्थापित करना और आगे चलकर मंगल ग्रह पर मानव मिशन भेजना है।

इस मिशन की सफलता से अब आर्टेमिस III के लिए रास्ता साफ हो गया है, जिसमें अंतरिक्ष यात्रियों को चंद्रमा की सतह पर उतारने की योजना है। यह उपलब्धि आने वाले समय में अंतरिक्ष अनुसंधान को नई दिशा देगी। फिलहाल, पूरी दुनिया इस ऐतिहासिक सफलता का जश्न मना रही है

Location :  New Delhi

Published :  11 April 2026, 6:54 AM IST