‘पड़ोसियों से संघर्ष बंद करे सेना’, भारत ने पाकिस्तान को क्यों सुनाई खरी-खोटी? UN में पाकिस्तान को दिखाया आईना

संयुक्त राष्ट्र में भारत ने एक बार फिर पाकिस्तान को घेरा। राजदूत पी. हरीश ने असीम मुनीर और पाकिस्तानी सेना की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि पाकिस्तान की सेना को पड़ोसी देशों के खिलाफ संघर्ष भड़काना बंद करना चाहिए।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 19 November 2026, 12:45 PM IST

New Delhi: संयुक्त राष्ट्र में भारत ने एक बार फिर पाकिस्तान को उसकी नीतियों और सेना की भूमिका को लेकर घेरा है। भारत के स्थायी प्रतिनिधि राजदूत परवतानेनी हरीश ने सुरक्षा परिषद की बैठक में पाकिस्तान को दो टूक संदेश देते हुए कहा कि उसके हित में यही है कि सेना पड़ोसी देशों के खिलाफ संघर्ष भड़काना बंद करे। उन्होंने कहा कि इसका उलटा असर अब खुद पाकिस्तान पर पड़ रहा है। भारतीय राजदूत ने पाकिस्तान में सेना के बढ़ते हस्तक्षेप और प्राकृतिक संसाधनों के दोहन में उसकी भूमिका पर भी सवाल उठाए।

यूएन की बैठक में भारत ने रखा अपना पक्ष

दरअसल, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में लाइबेरिया की ओर से आयोजित 'प्राकृतिक संसाधन और संघर्ष' विषय पर आरिया-फॉर्मूला बैठक हुई थी। इस दौरान भारत ने प्राकृतिक संसाधनों के प्रबंधन, अंतरराष्ट्रीय सहयोग और शांति स्थापना को लेकर अपना पक्ष रखा।

गुरुवार को भारतीय राजदूत पी. हरीश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बैठक का वीडियो साझा किया। उन्होंने बताया कि भारत ने इस दौरान किम्बर्ली प्रोसेस के प्रति अपनी प्रतिबद्धता, खनिज संसाधनों के बेहतर प्रबंधन और महिलाओं की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाया।

पाकिस्तान के दुष्प्रचार पर भारत ने दिया जवाब

बैठक के दौरान पाकिस्तान के प्रतिनिधि ने सिंधु जल संधि का मुद्दा उठाया था। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए भारतीय राजदूत पी. हरीश ने कहा कि भारत का सिंधु जल संधि पर रुख बिल्कुल स्पष्ट है और वह विभिन्न अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपना पक्ष रख चुका है।

उन्होंने कहा कि वह शुरुआत में इस मुद्दे पर बोलना नहीं चाहते थे, लेकिन पाकिस्तानी प्रतिनिधि की ओर से मंच का इस्तेमाल दुष्प्रचार के लिए किए जाने के बाद जवाब देना जरूरी हो गया था।

असीम मुनीर की तस्वीर का किया जिक्र

भारतीय राजदूत ने पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल असीम मुनीर का जिक्र करते हुए सितंबर 2025 में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ हुई मुलाकात की तस्वीर का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि उस दौरान मुनीर विदेशी नेताओं के सामने खनिज पत्थरों के नमूनों से भरा लकड़ी का एक डिब्बा दिखाते नजर आए थे।

पी. हरीश ने इस घटना को पाकिस्तान में प्राकृतिक संसाधनों के दोहन में सेना की भूमिका का संकेत बताया। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि देश में लोकतांत्रिक शासन व्यवस्था प्रभावी होती तो हालात ऐसे नहीं होते। उन्होंने पाकिस्तान में प्रांतीय स्तर पर लगाए गए आपातकाल और वहां की जनता की स्थिति को लेकर भी टिप्पणी की।

भारत ने पाकिस्तान की सेना को दी नसीहत

पी. हरीश ने पाकिस्तान को सीधा संदेश देते हुए कहा कि उसके हित में यही है कि उसकी सेना पड़ोसी देशों के खिलाफ संघर्ष भड़काना बंद करे। उन्होंने कहा कि इस तरह की नीतियों का नुकसान अब पाकिस्तान को ही उठाना पड़ रहा है।

भारतीय राजदूत की यह टिप्पणी पाकिस्तान में सेना के बढ़ते राजनीतिक और आर्थिक प्रभाव को लेकर भारत की चिंताओं को दर्शाती है। भारत ने साफ किया कि क्षेत्र में शांति और विकास के लिए पड़ोसी देशों के साथ टकराव की नीति छोड़ना जरूरी है।

किम्बर्ली प्रोसेस को लेकर भारत ने दोहराई प्रतिबद्धता

बैठक में भारत ने किम्बर्ली प्रोसेस के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई। भारत वर्ष 2026 में इस अंतरराष्ट्रीय प्रक्रिया का अध्यक्ष है। किम्बर्ली प्रोसेस एक प्रमाणन व्यवस्था है, जिसका उद्देश्य संघर्षों को वित्तपोषित करने वाले अवैध हीरा व्यापार पर रोक लगाना है।

भारत ने इस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने और जिम्मेदार हीरा व्यापार को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। बैठक में इस बात पर भी चर्चा हुई कि प्राकृतिक संसाधन किस तरह संघर्षों को बढ़ावा दे सकते हैं और किस तरह उनका उचित प्रबंधन शांति, स्थिरता और आर्थिक विकास का आधार बन सकता है।

Location :  New Delhi

Published :  19 November 2026, 12:45 PM IST