
गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता के बीच नया विवाद शुरू (IMG: Dynamite News)
Mumbai: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता गोविंदा इन दिनों अपनी फिल्मों से ज्यादा निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। पत्नी सुनीता आहूजा के साथ चल रहे विवाद और रिश्तों में खटास की खबरों के बीच अब उनका एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में गोविंदा थाईलैंड के पट्टाया स्थित एक क्लब में जबरदस्त डांस करते नजर आ रहे हैं। खास बात यह है कि उम्र के इस पड़ाव पर भी अभिनेता अपने पुराने अंदाज में दिखाई दिए और 90 के दशक के सुपरहिट गानों पर अपने सिग्नेचर स्टेप्स करते नजर आए।
बताया जा रहा है कि गोविंदा ने थाईलैंड के एक क्लब में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में परफॉर्म किया था। इस दौरान वह ब्लैक एंड व्हाइट फॉर्मल सूट में नजर आए। स्टेज पर उनके साथ बैकग्राउंड डांसर्स की टीम भी मौजूद थी। गोविंदा ने अपने लोकप्रिय गानों पर डांस कर वहां मौजूद लोगों का मनोरंजन किया।
वायरल वीडियो में गोविंदा अपनी फिल्मों के मशहूर गानों 'सोनी दे नखरे' और 'सोने लगदे' पर डांस करते दिख रहे हैं। उनके डांस मूव्स देखकर फैंस को उनका 90 के दशक वाला अंदाज याद आ गया। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद फैंस गोविंदा की एनर्जी और डांस की तारीफ कर रहे हैं।
गोविंदा का यह वीडियो ऐसे समय सामने आया है जब उनकी पत्नी सुनीता आहूजा के साथ उनके रिश्ते को लेकर कई तरह की खबरें सामने आ रही हैं। कुछ समय पहले गोविंदा को मुंबई एयरपोर्ट पर उनकी आने वाली फिल्म की डेब्यू एक्ट्रेस कोमल रानी स्वर्णकार के साथ देखा गया था। इसके बाद दोनों के रिश्ते को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थी।
गोविंदा के साथ कोमल रानी के नजर आने के बाद सुनीता आहूजा ने मीडिया बातचीत में नाराजगी जाहिर की थी। उन्होंने कहा था कि गोविंदा अपनी बेटी की उम्र की लड़की के साथ घूम रहे हैं और उन्हें इस बात पर सोचने की जरूरत है। सुनीता ने एक्ट्रेस के पहनावे को लेकर भी टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि अगर किसी को इतना बड़ा सपोर्ट मिल रहा है तो उसे अपने पहनावे और व्यवहार का ध्यान रखना चाहिए।
पत्नी सुनीता के बयानों के बाद गोविंदा ने भी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था कि किसी को भी अपनी सीमाओं में रहना चाहिए और उन्हें बदनाम करने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। गोविंदा ने अपनी को-स्टार का बचाव करते हुए कहा था कि उनके काम और रिश्तों को लेकर गलत बातें फैलाई जा रही है। उन्होंने यह भी कहा था कि वह अपने काम पर ध्यान दे रहे हैं और किसी को उनके प्रोफेशनल मामलों में बेवजह दखल नहीं देना चाहिए।
Location : Mumbai
Published : 17 August 2026, 7:53 PM IST