‘सुशांत मामले ने सब कुछ छीन लिया’: फराह खान के सामने रिया चक्रवर्ती का छलका दर्द

सुशांत सिंह राजपूत केस के बाद रिया चक्रवर्ती ने अपने परिवार के संघर्ष पर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि कैसे इस विवाद के कारण उनके पिता की नौकरी चली गई, भाई का भविष्य अधर में टका और उन्हें समाज का सामना करना पड़ा।

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 18 August 2026, 3:50 PM IST

New Delhi: बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत को कई साल बीत चुके हैं, लेकिन इस मामले से जुड़े जख्म आज भी गहरे हैं। सुशांत की मौत 14 जून 2020 को उनके बांद्रा स्थित फ्लैट पर हुई थी। इस हाई-प्रोफाइल मामले में उनकी तत्कालीन गर्लफ्रेंड और अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती का नाम भी सामने आया था। इस विवाद के चलते रिया को 27 दिन जेल में भी बिताने पड़े थे, हालांकि बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी। हाल ही में फिल्ममेकर फराह खान के साथ बातचीत के दौरान रिया ने उस दौर की अपनी और अपने परिवार की दर्दभरी दास्तां साझा की है।

पिता इंद्रजीत चक्रवर्ती से छिनी नौकरी

रिया चक्रवर्ती ने बताया कि इस पूरे विवाद और मीडिया ट्रायल का सबसे बुरा असर उनके परिवार पर पड़ा। उनके पिता, जो एक रिटायर्ड आर्मी ऑफिसर हैं, उन्हें एक अस्पताल में सीनियर पद का बेहतरीन ऑफर मिला था। सब कुछ तय हो चुका था और वे जल्द ही नौकरी ज्वाइन करने वाले थे। लेकिन जैसे ही अस्पताल के मैनेजमेंट को उनके सरनेम और रिया से उनके रिश्ते की सच्चाई पता चली, तो उन्होंने नौकरी देने से साफ इनकार कर दिया। सिर्फ इस वजह से कि वे रिया के पिता हैं, उनसे यह सुनहरा मौका छीन लिया गया।

Video: सुशांत सिंह राजपूत की बहन दिव्या गौतम की राजनीति में एंट्री, जानिए उन्होंने बिहार सरकार पर क्या कहा?

भाई शोविक का भविष्य हुआ प्रभावित

परिवार पर आए संकट का जिक्र करते हुए रिया ने अपने भाई शोविक चक्रवर्ती के बारे में भी बात की। उन्होंने बताया कि शोविक ने कैट (CAT) परीक्षा में 97 प्रतिशत अंक हासिल किए थे और उनका एडमिशन भी प्रतिष्ठित संस्थान आईआईएम (IIM) में हो गया था, जिसके लिए फीस भी भरी जा चुकी थी। लेकिन 2020 में घटी घटनाओं के कारण शोविक को भी उनके साथ गिरफ्तार कर लिया गया, जिससे उनका कीमती समय बर्बाद हो गया और वे पढ़ाई जारी नहीं रख सके। जेल से बाहर आने के बाद हालात इतने खराब थे कि कोई भी कॉर्पोरेट कंपनी शोविक को काम देने को तैयार नहीं थी और समाज ने उन्हें पूरी तरह से बहिष्कृत कर दिया था।

अभिनय से दूरी और बिजनेस की दुनिया में कदम

सुशांत सिंह राजपूत केस में नाम आने के बाद रिया चक्रवर्ती को बॉलीवुड में काम मिलना लगभग बंद हो गया था। फिल्म इंडस्ट्री से किनारा करने के बावजूद रिया ने हार नहीं मानी। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों का सामना करते हुए बिजनेस की दुनिया में हाथ आजमाया। रिया ने अपने भाई शोविक चक्रवर्ती के साथ मिलकर 'Chapter 2 Drip' नाम से एक सफल स्ट्रीटवियर फैशन ब्रांड की शुरुआत की। आज वह अपने इसी बिजनेस वेंचर के दम पर करोड़ों की कमाई कर रही हैं और आत्मनिर्भर बन चुकी हैं।

Bollywood Update: सुशांत सिंह राजपूत को याद कर फिर भावुक हईं यह अभिनेत्री

रियलिटी शो 'द ट्रेटर्स 2' में आ रहीं नजर

अपने प्रोफेशनल करियर में एक नई पारी की शुरुआत करते हुए रिया चक्रवर्ती इन दिनों मनोरंजन जगत में भी सक्रिय हैं। वह वर्तमान में लोकप्रिय रियलिटी शो 'द ट्रेटर्स 2' का हिस्सा बनी हुई हैं। इस शो का प्रीमियर 13 अगस्त को अमेज़ॅन प्राइम वीडियो पर हुआ है, जिसे जाने-माने फिल्ममेकर करण जौहर होस्ट कर रहे हैं। शो में दर्शकों को भरपूर ड्रामा, सस्पेंस और दिलचस्प ट्विस्ट देखने को मिल रहे हैं, और रिया का यह नया प्रोजेक्ट चर्चा का विषय बना हुआ है।

Location :  New Delhi

Published :  18 August 2026, 3:50 PM IST