‘जुग जुग जिया तू ललनवा’ 39 साल बाद भी लोगों के दिलों पर राज कर रहा माता सीता यह भोजपुरी गाना, लोग आज भी हैं इसके दीवाने

'रामायण' की सीता यानी दीपिका चिखलिया का 1987 की भोजपुरी फिल्म का सोहर गीत 'जुग जुग जिया तू ललनवा' आज भी हर घर में गूंजता है। अलका याग्निक और उदित नारायण के इस सदाबहार गाने को यूट्यूब पर 68 मिलियन व्यूज मिल चुके हैं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 4 July 2026, 4:19 PM IST

New Delhi: रामानंद सागर के ऐतिहासिक और कालजयी धारावाहिक 'रामायण' में 'माता सीता' का जीवंत किरदार निभाकर घर-घर में पूजी जाने वालीं अभिनेत्री दीपिका चिखलिया इन दिनों अपनी आगामी भोजपुरी वेब सीरीज 'महाश्मशान' को लेकर काफी चर्चा में हैं। लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि भोजपुरी सिनेमा से उनका यह रिश्ता नया नहीं, बल्कि दशकों पुराना है।

दीपिका चिखलिया ने अपने करियर की शुरुआत भले ही हिंदी फिल्म 'सुन मेरी लैला' से की थी, लेकिन साल 1987 में आई उनकी एक क्लासिक भोजपुरी फिल्म का एक गाना आज भी देश के कोने-कोने में बच्चों के जन्म के अवसर पर बेहद चाव से बजाया जाता है।

39 साल पुराना सोहर गीत

दीपिका चिखलिया ने साल 1987 में रिलीज हुई मशहूर भोजपुरी फिल्म 'सजनवा बैरी भइले हमार' में मुख्य अभिनेत्री 'लाजो' का किरदार निभाया था। इस फिल्म में उनके अपोजिट बॉलीवुड के दिग्गज कलाकार सुजीत कुमार नजर आए थे। इसी फिल्म में दीपिका चिखलिया पर एक पारंपरिक 'सोहर' (बच्चे के जन्म पर गाया जाने वाला गीत) फिल्माया गया था, जिसके बोल हैं 'जुग जुग जिया तू ललनवा'। इस गाने में दीपिका एक नवजात बच्चे को गोद में लिए ममता से सराबोर नजर आ रही हैं। करीब 39 साल बीत जाने के बाद भी आज यह गाना भोजपुरी संस्कृति की पहचान बना हुआ है।

जब भोजपुरी अंदाज में ‘दीवार’ के डायलॉग बोले मनोज बाजपेयी, देखते रह गए शेखर सुमन

महान गायकों की आवाज और चित्रगुप्त का संगीत

इस एवरग्रीन सोहर गीत की सबसे बड़ी खासियत इसकी मखमली गायकी और बेहतरीन कंपोजिशन है। इस गाने को भारतीय संगीत जगत के तीन दिग्गज गायकों अलका याग्निक, उदित नारायण और आशा भोंसले ने मिलकर अपनी जादुई आवाज दी है। गाने का दिल छू लेने वाला संगीत मशहूर संगीतकार चित्रगुप्त ने तैयार किया था, जबकि इसके बेहद अनमोल बोल गीतकार समीर ने लिखे थे।

यूट्यूब पर करीब 13 साल पहले अपलोड किए गए इस गाने के वीडियो को अब तक 68 मिलियन (6.8 करोड़) से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं, जो इसकी सदाबहार लोकप्रियता को साबित करता है।

पारिवारिक ताने-बाने और संघर्ष पर आधारित थी फिल्म की कहानी

दीपिका चिखलिया और सुजीत कुमार स्टारर फिल्म 'सजनवा बैरी भइले हमार' एक बेहतरीन इमोशनल ड्रामा थी। फिल्म की कहानी पति-पत्नी के बीच के अटूट प्यार, पारिवारिक गलतफहमियों और उसके कारण बिखरते रिश्तों के इर्द-गिर्द घूमती है।

फिल्म में दीपिका का किरदार (लाजो) अपने बिखरते परिवार और टूटते रिश्तों को बचाने के लिए कड़ा संघर्ष करता है और कई बड़े त्याग देता है। इस फिल्म के बाद दीपिका ने एक और सुपरहिट भोजपुरी फिल्म 'बिटिया दुर्गा मइया के' में भी अपनी अदाकारी का जलवा बिखेरा था।

बलिया में पवन सिंह को देखते ही टूटी बैरिकेडिंग, मंच की तरफ दौड़े बेकाबू फैंस, भोजपुरी नाइट में मची भारी भगदड़

फैंस बोले- 'शायद ही ऐसा कोई गाना दोबारा बना हो'

सोशल मीडिया और यूट्यूब के कमेंट बॉक्स में फैंस आज भी इस गाने पर अपना खूब प्यार लुटा रहे हैं। एक यूजर ने भावुक होते हुए लिखा, "शायद ही कोई ऐसा सॉन्ग दोबारा बना होगा जो सीधे दिल को छू जाए। इसे लिखने और गाने वालों के चरणों में शत-शत प्रणाम।"

वहीं एक अन्य फैन ने कहा, "इंस्टाग्राम रील पर इस गाने की एक झलक देखकर मैं पूरा गाना सुनने के लिए व्याकुल हो गया था, आज इसे सुनकर मन गदगद हो गया और बचपन की यादें ताजा हो गईं। यही हमारी असली भोजपुरी संस्कृति है।"

Location :  New Delhi

Published :  4 July 2026, 3:42 PM IST