
एक्टर पंकज धीर का निधन
Mumbai: टीवी और फिल्म इंडस्ट्री को आज बड़ा झटका लगा है। मशहूर अभिनेता पंकज धीर का 15 अक्टूबर 2025 को निधन हो गया। वे 68 वर्ष के थे और लंबे समय से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। पंकज धीर ने अपनी एक्टिंग से खास पहचान बनाई, लेकिन उन्हें असली लोकप्रियता बीआर चोपड़ा की कालजयी टीवी सीरियल ‘महाभारत’ में कर्ण के रोल से मिली।
पंकज धीर के करीबी दोस्त और अभिनेता अमित बहल ने उनके निधन की पुष्टि की है। अमित ने बताया कि पंकज पिछले कुछ महीनों से दोबारा कैंसर से जूझ रहे थे। एक समय वे इस बीमारी को हरा चुके थे, लेकिन दुर्भाग्यवश कैंसर ने फिर से उन्हें घेर लिया। इसके बाद उन्होंने कई बार इलाज और सर्जरी भी करवाई, लेकिन उनकी हालत नाजुक बनी रही।
उनके निधन की खबर से टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। फैंस और सेलिब्रिटीज सोशल मीडिया पर उनके लिए भावुक श्रद्धांजलि दे रहे हैं। भारतीय टीवी कलाकार संघ (CINTAA) ने भी इस दुःखद खबर पर शोक व्यक्त किया। CINTAA ने एक बयान जारी करते हुए बताया कि पंकज धीर का अंतिम संस्कार मुंबई के विलेपार्ले में शाम 4:30 बजे किया जाएगा। पंकज CINTAA के पूर्व जनरल सेक्रेटरी भी रह चुके हैं, इसलिए उनके निधन से यह संगठन भी बेहद दुखी है।
पंकज धीर ने अपनी एक्टिंग की शुरुआत टीवी और फिल्मों से की। लेकिन उनकी पहचान बीआर चोपड़ा की महाभारत में कर्ण के किरदार से हुई। 1988 में जब महाभारत टीवी पर आई, तब पंकज धीर की भूमिका ने लोगों के दिलों पर गहरा असर डाला। उन्होंने बताया था कि शुरुआत में वे अर्जुन के रोल के लिए ऑडिशन दिया करते थे और कॉन्ट्रैक्ट भी साइन कर लिया था। लेकिन फिरोज खान को यह रोल मिला।
एक्टर ने मेकर्स की एक शर्त को न मानने की वजह से शुरुआत में निराशा भी झेली। उन्होंने मना कर दिया था कि वे बृहन्नला के रोल के लिए अपनी मूंछें हटाएं। इस कारण उनका कॉन्ट्रैक्ट फाड़ दिया गया और वे छह महीने तक बिना काम के रहे। बाद में बीआर चोपड़ा ने उन्हें कर्ण के रोल के लिए चुना, जो उनकी किस्मत साबित हुआ।
पंकज ने ‘चंद्रकांता’, ‘द ग्रेट मराठा’ जैसे माइथोलॉजिकल शो में भी अभिनय किया। साथ ही हिंदी फिल्मों ‘सोल्जर’, ‘बादशाह’ और ‘सड़क’ में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। उनकी भूमिका हमेशा यादगार रही। पंकज धीर ने अपनी पत्नी अनीता धीर और बेटे निकितिन धीर को पीछे छोड़ दिया है। निकितिन धीर भी एक जाने-माने टीवी अभिनेता हैं, जिन्होंने ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ में थंगाबली का रोल निभाया। वे श्रीमद् रामायण में रावण की भूमिका के लिए भी प्रसिद्ध हैं। निकितिन की पत्नी कृतिका सेंगर भी टीवी अभिनेत्री हैं।
Location : Mumbai
Published : 15 October 2025, 5:18 PM IST
Topics : Cancer Karna Mahabharata Pankaj Dheer TV industry