नवंबर में सिनेमाघरों में लगेगा फिल्मों का तांता, रणबीर की ‘रामायण’ से लेकर सनी की ‘सूर्या’ तक ये फिल्में मचाएंगी धमाल

नवंबर 2026 में बॉक्स ऑफिस पर फिल्मों की सुनामी आने वाली है। इस महीने रणबीर कपूर की 'रामायण', सनी देओल की 'सूर्या' और 'प्रताप' के साथ-साथ जैकी श्रॉफ की 'काली खेती' और आयुष्मान खुराना की 'यह प्रेम मोल लिया' जैसी बड़ी और बहुप्रतीक्षित फिल्में सिनेमाघरों में धमाल मचाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 28 October 2026, 12:36 PM IST

New Delhi: सिनेमा प्रेमियों के लिए साल 2026 का नवंबर महीना बेहद खास रहने वाला है। इस महीने बॉक्स ऑफिस पर एक से बढ़कर एक धमाकेदार और बहुप्रतीक्षित फिल्में रिलीज होने जा रही हैं। खास बात यह है कि इस लिस्ट में पौराणिक गाथाओं से लेकर कॉमेडी, सस्पेंस हॉरर, फैमिली ड्रामा और एक्शन-थ्रिलर जैसी अलग-अलग जॉनर की फिल्में शामिल हैं, जिससे दर्शकों के पास मनोरंजन के ढेरों विकल्प होंगे। आइए जानते हैं नवंबर में रिलीज होने वाली इन प्रमुख फिल्मों के बारे में।

'रामायण' से होगी दिवाली की शुरुआत (5 नवंबर)

नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी बहुप्रतीक्षित पौराणिक महाकाव्य फिल्म 'रामायण' इस साल की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक है। दिवाली के खास मौके पर रिलीज होने वाली इस फिल्म में सितारों की भरमार है। इसमें रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में, साई पल्लवी माता सीता के और यश रावण के किरदार में नजर आएंगे।

इसके अलावा, सनी देओल भगवान हनुमान, रवि दुबे लक्ष्मण, अरुण गोविल राजा दशरथ और रकुल प्रीत सिंह सूपर्णखां की भूमिका निभाएंगी। यह फिल्म दो भागों में आएगी, जिसका पहला पार्ट 5 नवंबर को हिंदी, अंग्रेजी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगा।

OTT Release: इस हफ्ते ओटीटी पर रिलीज होगी धमाकेदार फिल्में और सीरीज, जानिए डेट्स

20 नवंबर को बॉक्स ऑफिस पर लगेगा फिल्मों का मेला

नवंबर महीने की 20 तारीख को एक साथ कई धांसू फिल्में सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली हैं, जो हर वर्ग के दर्शकों को ध्यान में रखकर बनाई गई हैं-

पार्टी एनिमल्स: अगर आप हल्की-फुल्का और मजेदार मनोरंजन पसंद करते हैं, तो यह कॉमेडी फिल्म आपके लिए है। दोस्ती और अजीबोगरीब स्थितियों पर आधारित इस फिल्म में विराज घेलानी और अर्जुन तंवर मुख्य भूमिकाओं में हैं। रवि छाब्रिया द्वारा निर्देशित इस फिल्म में कई जाने-माने कलाकार भी नजर आएंगे।

काली खेती: ग्रामीण पृष्ठभूमि पर बनी इस फिल्म में जैकी श्रॉफ और शरद केलकर मुख्य भूमिका में हैं। यह एक सस्पेंस से भरी फिल्म है, जिसमें हॉरर, रहस्य और साइकोलॉजिकल टेंशन का जबरदस्त मिश्रण देखने को मिलेगा।

सूर्या: एम. पद्मकुमार के निर्देशन में बनी इस क्राइम थ्रिलर फिल्म में सनी देओल एक बार फिर एक्शन अवतार में दिखेंगे। कहानी एक ऐसे रिटायर्ड पुलिस अफसर की है, जो अपने परेशान करने वाले अतीत के बीच एक मर्डर केस की गुत्थी सुलझाता है। इसमें रवि किशन और प्रज्ञा जायसवाल जैसे कलाकार भी हैं।

प्रताप: सचिन सर्राफ द्वारा निर्देशित यह फिल्म एक जाने-माने एनकाउंटर स्पेशलिस्ट की जिंदगी पर आधारित है। अमित साध स्टारर इस फिल्म में ईशा देओल, तिग्मांशु धूलिया और सीमा बिस्वास जैसे दिग्गज कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

यश की फिल्म ‘Toxic’ ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, थिएटर्स के बाद अब इस OTT प्लेटफॉर्म पर दिखेगा असली एक्शन

महीने के अंत में आएगा फैमिली ड्रामा (27 नवंबर)

नवंबर के आखिरी हफ्ते में रिश्तों और भावनाओं से जुड़ी फिल्म रिलीज होगी। मशहूर निर्देशक सूरज बड़जात्या की फिल्म 'यह प्रेम मोल लिया' में आयुष्मान खुराना और शरवरी पहली बार एक साथ स्क्रीन साझा करते नजर आएंगे।

राजश्री प्रोडक्शंस और महावीर जैन फिल्म्स के बैनर तले बनी यह फिल्म पूरी तरह से रोमांस और पारिवारिक रिश्तों की भावना पर केंद्रित है। हालांकि अभी इसका ट्रेलर आना बाकी है, लेकिन इसके गानों ने पहले ही दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है। यह फिल्म 27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Location :  New Delhi

Published :  28 October 2026, 12:36 PM IST