
मिर्जापुर: द मूवी का ट्रेलर (Img: Dynamite News)
Mumbai: ‘मिर्जापुर’ के फैंस के लिए इंतजार अब खत्म होने वाला है। लंबे समय से जिस फिल्म का इंतजार किया जा रहा था, उसका ट्रेलर अब रिलीज होने जा रहा है। ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का ट्रेलर 11 अगस्त 2026 को जारी किया जाएगा, जबकि फिल्म 4 सितंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में दस्तक देगी। फिल्म के नए पोस्टर्स सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर एक बार फिर ‘मिर्जापुर’ का भौकाल देखने को मिल रहा है।
फिल्म को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा उन किरदारों की हो रही है, जिन्होंने इस फ्रेंचाइजी को अलग पहचान दिलाई। पंकज त्रिपाठी कालीन भैया, अली फजल गुड्डू पंडित और दिव्येंदु मुन्ना त्रिपाठी के किरदार में नजर आएंगे। वहीं बबलू पंडित के रोल में इस बार जितेंद्र कुमार दिखाई देंगे। यानी पर्दे पर एक बार फिर सत्ता, बदले और वर्चस्व की वही पुरानी टक्कर देखने को मिलने वाली है।
ट्रेलर से ठीक पहले मेकर्स ने चार नए कैरेक्टर पोस्टर्स जारी किए हैं। इन पोस्टर्स में कालीन भैया, मुन्ना भैया, गुड्डू पंडित और बबलू पंडित के किरदारों की झलक दिखाई गई है। पोस्टर्स ने फैंस की उत्सुकता और बढ़ा दी है, क्योंकि हर किरदार अपने पुराने अंदाज और तेवर में नजर आ रहा है।
इन पोस्टर्स में सिर्फ किरदारों का लुक ही नहीं, बल्कि कहानी को लेकर भी कई सवाल खड़े होते हैं। खासकर एक पोस्टर में गद्दी पर बैठे शख्स का चेहरा पूरी तरह सामने नहीं लाया गया है। ऐसे में अब सवाल उठ रहा है कि आखिर मिर्जापुर की गद्दी पर कौन बैठा है और उसके पीछे की कहानी क्या है?
ये भी पढ़ें- चेन्नई में AR Rahman के बेटे का एक्सीडेंट, दोस्त समेत अस्पताल पहुंचे; जानें कैसे हुआ हादसा
‘मिर्जापुर’ की शुरुआत 2018 में OTT सीरीज के तौर पर हुई थी। तीन सीजन के बाद अब इस फ्रेंचाइजी को पहली बार बड़े पर्दे पर लाया जा रहा है। फिल्म उसी दुनिया और किरदारों को बड़े सिनेमाई कैनवास पर पेश करेगी, जिसने सीरीज को देशभर में लोकप्रिय बनाया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म की कहानी सीरीज की टाइमलाइन में एक दिलचस्प जगह पर सेट है और इसमें फ्रेंचाइजी के प्रमुख किरदारों को फिर से साथ लाया गया है। हालांकि फिल्म की पूरी कहानी और किरदारों के बीच होने वाले नए टकराव को अभी मेकर्स ने पर्दे में रखा है।
पंकज त्रिपाठी का कालीन भैया वाला किरदार ‘मिर्जापुर’ की पहचान बन चुका है। शांत चेहरा, कम शब्द और सत्ता पर मजबूत पकड़, यही अंदाज दर्शकों को पसंद आया था। अब बड़े पर्दे पर उनका किरदार किस रूप में सामने आएगा, यह फिल्म के सबसे बड़े सवालों में से एक है।
दूसरी तरफ गुड्डू पंडित के रूप में अली फजल की वापसी भी कहानी में नया मोड़ ला सकती है। गुड्डू और कालीन भैया के बीच सत्ता की लड़ाई सीरीज की सबसे बड़ी कहानियों में रही है। वहीं मुन्ना भैया की मौजूदगी ने भी फैंस की उत्सुकता को कई गुना बढ़ा दिया है।
ये भी पढ़ें- Suniel Shetty: लिट्टी-चोखा खाने आए या फिल्म शूट करने? पटना पहुंचे सुनील शेट्टी ने खोल दिया बड़ा राज!
फिल्म के कलाकारों में जितेंद्र कुमार का नाम भी खास चर्चा में है। वह बबलू पंडित के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म की कास्ट में रवि किशन, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, प्रमोद पाठक, श्रिया पिलगांवकर, श्वेता त्रिपाठी, हर्षिता गौर और सोनल चौहान समेत कई कलाकार शामिल हैं। यानी फिल्म में पुराने चेहरों के साथ कहानी को आगे बढ़ाने वाले कई किरदार भी दिखाई देंगे। ऐसे में दर्शकों को सिर्फ एक किरदार की कहानी नहीं, बल्कि मिर्जापुर की पूरी दुनिया का बड़ा रूप देखने को मिल सकता है।
‘मिर्जापुर: द मूवी’ का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि कहानी और लेखन से पुनीत कृष्णा जुड़े हैं। फिल्म को रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने प्रोड्यूस किया है। यह फिल्म 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
Location : Mumbai
Published : 10 August 2026, 7:53 PM IST