
कोमल रानी का क्रिप्टिक पोस्ट (Img- Pinterest)
Mumbai: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता गोविंदा अपनी निजी जिंदगी और अफेयर की खबरों को लेकर एक बार फिर सुर्खियों के केंद्र में हैं। हाल ही में गोविंदा और कोमल रानी स्वर्णकार को मुंबई में 'लालबागचा राजा' के दर्शन करते एक साथ देखा गया था, जिसके बाद से दोनों के डेटिंग की चर्चाएं तेज हो गईं।
हालांकि, गोविंदा ने इन खबरों को अपनी सामाजिक छवि बिगाड़ने की साजिश करार दिया था। अब इस पूरे मामले में एक नया और सनसनीखेज मोड़ आ गया है। कोमल रानी स्वर्णकार ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक क्रिप्टिक पोस्ट शेयर किया है, जिसे अप्रत्यक्ष रूप से गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा पर सीधा हमला माना जा रहा है।
कोमल रानी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में किसी का नाम लिए बिना लिखा कि जो औरत सालों से अपने ही पति को जान से मारने की कोशिश कर रही हो, उसकी बद्दुआ किसी को नहीं लगती। उन्होंने आरोप लगाया कि जो घर पहले से ही टूटा हुआ हो, उसे कोई बाहरी व्यक्ति नहीं तोड़ सकता।
कोमल ने आगे लिखा कि किसी इंसान को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करना, उसे काम करने से रोकना, घर पर बैठने के लिए मजबूर करना और उसे पूरी तरह से अलग-थलग कर देना किसी समर्पित पत्नी का काम नहीं हो सकता।
अपने पोस्ट में तीखे सवाल दागते हुए कोमल ने पूछा कि मुझे समझ नहीं आता कि यह सच में कोई दर्द है या फिर लोगों की सहानुभूति हासिल करने की सोची-समझी साजिश? उन्होंने लिखा कि कुछ औरतें बंद दरवाजों के पीछे जो काम नहीं कर पातीं, उसे सबके सामने आकर पब्लिसिटी के लिए इस्तेमाल करती हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि देश की जनता इतनी बेवकूफ नहीं है कि बिना सच्चाई जाने किसी की भी झूठी बातों पर भरोसा कर लेगी।
पोस्ट के अंत में कोमल रानी ने चेतावनी भरे लहजे में लिखा कि अपने निजी एजेंडे और पब्लिसिटी के लिए मेरे नाम का इस्तेमाल करना तुरंत बंद किया जाए। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए लिखा कि भगवान हर भले इंसान को ऐसी चालाक और दिमागी रूप से परेशान औरतों से बचाए। भले ही कोमल ने किसी का नाम नहीं लिया है, लेकिन जिस तरह से गोविंदा और सुनीता के बीच तनातनी की खबरें सामने आ रही थीं, उसके बाद इस पोस्ट ने बॉलीवुड के गलियारों में खलबली मचा दी है।
Location : Mumbai
Published : 26 September 2026, 1:31 PM IST