Divyanka Tripathi बनीं दो जुड़वां बेटों की मां, एक्ट्रेस ने अनोखे अंदाज में शेयर की जिंदगी की सबसे बड़ी गुड न्यूज

टीवी की मशहूर एक्ट्रेस दिव्यांका त्रिपाठी और विवेक दहिया शादी के 10 साल बाद जुड़वां बेटों के माता-पिता बन गए हैं। इंस्टाग्राम पर बेहद भावुक पोस्ट शेयर कर विवेक ने लिखा, 'मेरे करण अर्जुन आ गए'। सोशल मीडिया पर बधाई देने वालों का तांता लगा है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 26 May 2026, 3:27 PM IST

Mumbai: छोटे पर्दे की सबसे चहेती और मशहूर अभिनेत्रियों में से एक दिव्यांका त्रिपाठी के घर आखिरकार खुशियों ने दस्तक दे दी है। शादी के लंबे इंतजार के बाद दिव्यांका त्रिपाठी और उनके पति विवेक दहिया माता-पिता बन गए हैं।

एक्ट्रेस ने दो जुड़वां बेटों (ट्विन बॉयज) को जन्म दिया है, जिसके बाद से इस स्टार कपल की खुशी का ठिकाना नहीं है। शादी के पूरे 10 साल बाद माता-पिता बनने के इस खूबसूरत अहसास को दोनों ने अपने चाहने वालों के साथ साझा किया है।

इंस्टाग्राम पर अनोखा पोस्ट: "मेरे करण अर्जुन आ गए"

दिव्यांका और विवेक ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक बेहद प्यारा और क्रिएटिव पोस्ट साझा करते हुए इस खुशखबरी का ऐलान किया। उन्होंने एक एनिमेटेड तस्वीर शेयर की, जिसमें दो छोटे बेबी बॉय नीले रंग के कपड़ों में नजर आ रहे हैं। इस पोस्ट पर लिखा है, "हमने भगवान से खुशियां मांगी थीं, उन्होंने कहा 'डबल लो'। हमें जुड़वां बेटों का आशीर्वाद मिला है।"

इसके साथ ही विवेक दहिया ने बेहद फिल्मी और मजेदार अंदाज में कैप्शन लिखा, "आखिरकार इंतजार खत्म हुआ। 'द बॉयज' आ गए हैं और जिंदगी पहले से कहीं ज्यादा खूबसूरत लग रही है। मेरे करण अर्जुन आ गए! दिव (दिव्यांका) और मैं पेरेंटहुड के इस शानदार नए सफर की शुरुआत कर रहे हैं, इसलिए हमें आप सभी के प्यार और आशीर्वाद की जरूरत है।"

Engagement Anniversary: दिव्यांका त्रिपाठी ने शेयर की सगाई की अनदेखी तस्वीरें, पति विवेक दहिया के लिए लिखा दिल छू लेने वाला कैप्शन

मैटरनिटी फोटोशूट की तस्वीरें हुईं वायरल

इस गुड न्यूज को शेयर करने के कुछ ही घंटों पहले दिव्यांका ने सोशल मीडिया पर अपने मैटरनिटी फोटोशूट की बेहद खूबसूरत तस्वीरें भी शेयर की थीं। इन तस्वीरों में दिव्यांका अपना बेबी बंप फ्लॉन्ट करती नजर आई थीं, वहीं विवेक उनके प्रति अपना प्यार और फिक्र जताते दिख रहे थे।

फोटो के साथ दिव्यांका ने कैप्शन में लिखा था, "एक-दूसरे का घर होने से लेकर, अब किसी और के लिए घर बनने तक का सफर... हम नहीं जानते कि यह रास्ता कैसा होगा, लेकिन यह हमारा सबसे बेहतरीन सफर होने वाला है।" गौरतलब है कि इस कपल ने अपनी प्रेग्नेंसी की खबर को लगभग छह महीने तक दुनिया से पूरी तरह छुपाकर रखा था।

टीवी इंडस्ट्री और फैंस की तरफ से बधाइयों का तांता

दिव्यांका और विवेक के इस पोस्ट के सामने आते ही सोशल मीडिया पर मानों बधाइयों की बाढ़ आ गई है। फैंस से लेकर टीवी जगत के तमाम बड़े सितारे इस न्यू पेरेंट्स कपल पर जमकर प्यार बरसा रहे हैं। सुरभि ज्योति, करिश्मा तन्ना, अंकिता लोखंडे, पूजा गौर, जेमी लीवर, दृष्टि धामी, जेनिफर विंगेट और आरती सिंह समेत कई नामचीन हस्तियों ने कमेंट कर बच्चों को आशीर्वाद दिया है और कपल को जिंदगी के इस नए चैप्टर के लिए शुभकामनाएं भेजी हैं।

‘ये है मोहब्बतें 2’ की चर्चा तेज, दिव्यांका त्रिपाठी और करण पटेल के वीडियो ने जगाई फैंस की उम्मीद

'ये है मोहब्बतें' के सेट पर शुरू हुई थी लव स्टोरी

आपको बता दें कि दिव्यांका त्रिपाठी और विवेक दहिया की मुलाकात मशहूर टीवी सीरियल 'ये है मोहब्बतें' के सेट पर हुई थी। धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती प्यार में बदली और फिर दोनों ने 8 जुलाई 2016 को भोपाल में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शादी कर ली थी। शादी के बाद से ही यह जोड़ी फैंस की पसंदीदा जोड़ियों में से एक रही है। अब पूरे 10 साल बाद घर में गूंजी इन नन्हीं किलकारियों ने उनकी दुनिया को पूरी तरह मुकम्मल कर दिया है।

Location :  Mumbai

Published :  26 May 2026, 3:27 PM IST