
धर्मेंद्र और बॉबी देओल (IMG: Google)
Mumbai: मुंबई की चमकती रोशनी, सितारों से सजी महफिल और तालियों की गूंज के बीच अचानक एक ऐसा पल आया जिसने हर किसी को खामोश कर दिया। स्टेज पर खड़े बॉबी देओल की आंखें नम थीं, आवाज कांप रही थी और दिल में एक खालीपन साफ महसूस हो रहा था। मौका था उनके पिता और हिंदी सिनेमा के दिग्गज धर्मेंद्र को मरणोपरांत लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड मिलने का लेकिन यह सम्मान लेने के लिए वो खुद मौजूद नहीं थे। यही कमी उस पल को और भी भारी बना गई।
रविवार को मुंबई में आयोजित चेतक स्क्रीन अवॉर्ड्स 2026 के दौरान यह खास लम्हा देखने को मिला। जब धर्मेंद्र के नाम की घोषणा हुई, तो पूरे हॉल में तालियां गूंज उठीं, लेकिन स्टेज पर पहुंचे उनके बेटे बॉबी देओल की आंखों में आंसू साफ नजर आ रहे थे।
Bollywood News: धर्मेंद्र की 90वीं सालगिरह बनेगी यादगार, सनी–बॉबी देओल देने वाले हैं बड़ा गिफ्ट
अवॉर्ड लेते वक्त बॉबी देओल ने खुद को संभालने की पूरी कोशिश की, लेकिन भावनाएं बार-बार बाहर आ रही थीं। उन्होंने कहा कि उन्हें हर किसी की आंखों में अपने पिता के लिए प्यार नजर आता है। उन्होंने याद किया कि कैसे धर्मेंद्र सिर्फ फिल्मों से ही नहीं, बल्कि अपने छोटे-छोटे सोशल मीडिया वीडियोज के जरिए भी लोगों के दिलों को छूते थे। बॉबी ने बताया कि उनके पिता हमेशा लोगों को खुश देखना चाहते थे और उनका मानना था कि हर इंसान के अंदर एक खास हुनर होता है, बस जरूरत है उस पर भरोसा करने की।
अपने पिता के सफर को याद करते हुए बॉबी ने बताया कि धर्मेंद्र ने अपने करियर में अच्छे और बुरे दोनों दौर देखे, लेकिन कभी हार नहीं मानी। यही जज़्बा उन्हें एक लीजेंड बनाता है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि उन्हें जहां भी जाते हैं, लोगों से इतना प्यार मिलता है और इसकी वजह सिर्फ उनके पिता हैं। उन्होंने कहा कि उनके पिता ने अपने परिवार के लिए लोगों के दिलों के दरवाजे खोल दिए थे।
इस पूरे पल का सबसे भावुक हिस्सा तब आया जब बॉबी देओल ने कहा कि उन्हें ऐसा लग रहा है जैसे वह घर जाकर अपने पिता से कहेंगे “पापा, आप नहीं आ सके, इसलिए मैं आपका अवॉर्ड अपने साथ ले आया हूं।” उन्होंने आगे कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वह इस तरह इस मंच पर खड़े होंगे।
अवॉर्ड देने से पहले सेरेमनी में धर्मेंद्र के सबसे यादगार फिल्मी पलों का एक खास वीडियो मोंटाज दिखाया गया। इस दौरान बैकग्राउंड में अमिताभ बच्चन की आवाज में एक भावुक वॉइसओवर सुनाई दिया, जिसने पूरे माहौल को और भी भावुक बना दिया।
बता दें कि धर्मेंद्र का निधन पिछले साल 24 नवंबर को मुंबई में उनके घर पर हुआ था। वह 89 साल के थे। कुछ समय पहले उनकी तबीयत खराब हुई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के बाद उन्हें घर भेज दिया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। 25 नवंबर को मुंबई में पूरे सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े सितारे शामिल हुए।
Location : Mumbai
Published : 6 April 2026, 2:09 PM IST