
धर्मेंद्र हेल्थ अपडेट
Mumbai: हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की तबीयत बिगड़ने की खबर ने सोमवार को उनके प्रशंसकों और फिल्म इंडस्ट्री में हलचल मचा दी। दिनभर सोशल मीडिया और कुछ मीडिया चैनलों पर उनके निधन की झूठी खबरें चलती रहीं। लेकिन बाद में यह स्पष्ट हुआ कि धर्मेंद्र जीवित हैं और मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में हैं।
जहां कई मीडिया चैनल्स ने बिना पुष्टि के अफवाहें फैलाईं, वहीं कुछ जिम्मेदार संस्थानों ने संयम दिखाया और खबर की पुष्टि के बाद ही जानकारी साझा की। धर्मेंद्र के परिवार ने देर शाम साफ किया कि उनकी हालत स्थिर (stable) है और वे तेजी से रिकवरी कर रहे हैं।
धर्मेंद्र की बेटी एशा देओल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि उनके पिता पूरी तरह जीवित हैं और स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। उन्होंने मीडिया को फटकार लगाते हुए लिखा, “लगता है कुछ चैनलों को बहुत जल्दी है झूठी खबरें फैलाने की। प्लीज, ऐसी अफवाहों से बचें और हमारे परिवार की प्राइवेसी का सम्मान करें।”
एशा की इस पोस्ट के बाद फैंस ने राहत की सांस ली और सोशल मीडिया पर ‘Get Well Soon Dharmendra’ ट्रेंड करने लगा। हजारों फैंस ने अभिनेता के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
बीती रात सनी देओल की टीम ने भी एक आधिकारिक बयान जारी किया। उन्होंने बताया, “धर्मेंद्र जी की हालत स्थिर है और वे डॉक्टरों की निगरानी में हैं। आगे के हेल्थ अपडेट्स समय-समय पर साझा किए जाएंगे। कृपया, उनके स्वास्थ्य के बारे में झूठी अफवाहें न फैलाएं।” इस बयान ने स्थिति को और स्पष्ट किया और फैली गलत खबरों पर रोक लगाई।
धर्मेंद्र के करीबी और फिल्म जगत से जुड़े कई कलाकारों ने भी उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। अभिनेता हेमा मालिनी, सनी देओल, बॉबी देओल, और अन्य परिजनों ने मीडिया से संयम बरतने की अपील की है। बताया जा रहा है कि धर्मेंद्र पिछले कुछ दिनों से हल्की थकान और सांस लेने में परेशानी के कारण अस्पताल में भर्ती हैं।
Location : Mumbai
Published : 11 November 2025, 10:02 AM IST
Topics : Bollywood News Dharmendra Dharmendra Health Condition Dharmendra Health Update Esha Deol Statement