
यमुना एक्सप्रेसवे पर हादसा (Img: Pinterest)
Mathura: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेसवे पर सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने चार लोगों की जान ले ली, जबकि 25 यात्री घायल हो गए। यह दुर्घटना राया थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 111 के पास हुई, जहां तेज रफ्तार प्राइवेट बस गिट्टी से भरे ट्रेलर में पीछे से जा टकराई। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और राहत-बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया।
पुलिस के अनुसार, बिहार नंबर की एक प्राइवेट बस लखनऊ से यात्रियों को लेकर दिल्ली जा रही थी। उसी दौरान राजस्थान नंबर का गिट्टी से लदा ट्रेलर एक्सप्रेसवे की तीसरी लेन पर चल रहा था। देर रात करीब 3:30 बजे तेज रफ्तार बस अचानक ट्रेलर से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एक्सप्रेसवे की रेस्क्यू टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को बस से बाहर निकाला गया और उन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इस दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 25 यात्री घायल हुए हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतकों की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि बस चालक को नींद की झपकी आने के कारण यह दुर्घटना हुई। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जाएगी।
क्या सोने की कीमतों में आने वाली है बड़ी गिरावट, क्यों पुराना सोना बेचने की लगी है होड़?
यमुना एक्सप्रेसवे पर लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर हाईवे सुरक्षा और ड्राइवरों की सतर्कता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि लंबी दूरी की यात्रा के दौरान पर्याप्त आराम, गति सीमा का पालन और नियमित वाहन जांच से इस तरह की दुर्घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है।
Location : Mathura
Published : 30 June 2026, 9:36 AM IST
Topics : Bus Trailer Collision Driver Sleep Accident Expressway Crash Mathura Bus Accident Yamuna Expressway Accident