घर में छुपा था खून का राज… महिला की हत्या कर फ्रिज में रखे शरीर के हिस्से! पढ़ें विशाखापट्टनम में खौफनाक वारदात

विशाखापट्टनम के गजुवाका इलाके में एक नेवी कर्मचारी ने अपनी प्रेमिका की हत्या कर शव के टुकड़े कर दिए और उन्हें अलग-अलग जगहों पर ठिकाने लगाने की कोशिश की। कुछ अंगों को नष्ट कर दिया गया, जबकि बाकी को घर के फ्रिज में छिपाकर रखा गया।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 30 March 2026, 1:43 PM IST

Visakhapatnam: आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में एक ऐसा खौफनाक सच सामने आया है, जिसने लोगों को अंदर तक झकझोर दिया है। एक साधारण दिखने वाले घर के भीतर रिश्तों की आड़ में ऐसा खूनी खेल खेला गया, जिसका अंदाजा किसी को नहीं था। एक नेवी कर्मचारी ने अपनी ही प्रेमिका को मौत के घाट उतार दिया और फिर उसकी पहचान मिटाने के लिए ऐसा कदम उठाया, जिसे सुनकर रूह कांप जाए। इस सनसनीखेज मामले का खुलासा तब हुआ, जब आरोपी खुद पुलिस के सामने पहुंच गया।

क्या है पूरा मामला

यह मामला आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम शहर के गजुवाका थाना क्षेत्र के LV नगर का है। आरोपी 35 वर्षीय सी.एच. रविंद्र है, जो भारतीय नौसेना में टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत है। मृतका 29 वर्षीय मोनिका की पहचान भी इसी शहर की निवासी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच काफी समय से प्रेम संबंध चल रहा था, जबकि रविंद्र पहले से शादीशुदा था। यही रिश्ता धीरे-धीरे एक खतरनाक मोड़ ले बैठा।

पत्नी के मायके जाने के बाद बढ़ी नजदीकियां

जानकारी के मुताबिक, रविंद्र की पत्नी कुछ हफ्ते पहले अपने मायके विजयनगरम चली गई थी। इसके बाद वह घर में अकेला रह रहा था और इसी दौरान उसकी और मोनिका की मुलाकातें बढ़ गईं। रविवार को रविंद्र ने मोनिका को फोन कर अपने घर बुलाया। दोनों कई घंटों तक एक साथ रहे, लेकिन शाम होते-होते माहौल बदल गया।

पहले हवन, फिर खून और दफन… बागपत की ये कहानी किसी फिल्म से कम नहीं; सच जानकर रह जाएंगे दंग

झगड़ा बना जानलेवा

रिपोर्ट्स के अनुसार, किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो धीरे-धीरे इतना बढ़ गया कि रविंद्र ने अपना आपा खो दिया। गुस्से में उसने चाकू से मोनिका पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यहां तक मामला हत्या का था, लेकिन इसके बाद आरोपी ने जो किया, उसने इस वारदात को और भी खौफनाक बना दिया।

शव के टुकड़े कर छिपाने की कोशिश

हत्या के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की कोशिश में मोनिका के शव के टुकड़े-टुकड़े कर दिए। आरोप है कि उसने शरीर के कुछ हिस्सों को बैग में भरकर किसी सुनसान जगह पर जाकर नष्ट कर दिया। बाकी बचे अंगों को उसने अपने घर के फ्रिज में रख दिया। यह सुनकर ही लोगों के रोंगटे खड़े हो रहे हैं कि एक इंसान किस हद तक गिर सकता है।

खुद थाने पहुंचा आरोपी

इस पूरे मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि आरोपी खुद पुलिस थाने पहुंचा और अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी इस हरकत से पुलिस भी हैरान रह गई। पुलिस तुरंत उसके घर पहुंची और तलाशी के दौरान शव के कुछ अंग बरामद किए गए। हालांकि, मृतका का सिर अभी भी गायब है।

गेहूं के खेत से शुरू हुआ झगड़ा कैसे बना खूनी खेल? प्रधान समेत 10 घायल, गांव में दहशत

पुलिस जांच जारी

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष टीम का गठन किया है, जो लापता अंगों की तलाश में जुटी है। साथ ही आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले की सच्चाई सामने लाई जाएगी और दोषी को सख्त सजा दिलाई जाएगी।

Location : 
  • Visakhapatnam

Published : 
  • 30 March 2026, 1:43 PM IST