कथित झोलाछाप से ली गर्भपात की दवा, फिर बिगड़ती चली गई हालत; आखिर चली गई 24 साल की महिला की जान

हाथरस के सासनी क्षेत्र में गर्भपात की दवा लेने के बाद 24 वर्षीय शबाना बेगम की हालत बिगड़ गई। निजी अस्पताल से जिला अस्पताल रेफर किए जाने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने कथित झोलाछाप पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। शबाना अपने पीछे दो बेटियां और दो बेटे छोड़ गई हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 25 November 2026, 2:42 PM IST

Hathras: हाथरस में कथित झोलाछाप के इलाज का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने चार मासूम बच्चों की जिंदगी से उनकी मां का साया छीन लिया। गर्भपात की दवा लेने के बाद 24 वर्षीय महिला की हालत अचानक बिगड़ गई। परिवार के लोग उसे बचाने के लिए एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल तक दौड़ते रहे, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी। निजी अस्पताल से जिला अस्पताल रेफर की गई महिला को डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।

गर्भपात की दवा लेने के बाद बिगड़ने लगी तबीयत

मामला हाथरस जिले के थाना सासनी क्षेत्र के गांव रुदायन का है। यहां रहने वाली 24 वर्षीय शबाना बेगम पत्नी शाजिद अब्बासी की गर्भपात की दवा लेने के बाद तबीयत बिगड़ गई। जानकारी के मुताबिक, शबाना ने सासनी के मोहल्ला कस्सावान में एक कथित झोलाछाप डॉक्टर से गर्भपात की दवा ली थी। परिजनों का आरोप है कि दवा लेने के बाद ही शबाना की तबीयत खराब होने लगी। शुरुआत में परिवार को उम्मीद थी कि उपचार से उसकी हालत में सुधार हो जाएगा, लेकिन समय के साथ उसकी स्थिति और गंभीर होती चली गई।

बुलेट की मांग, मारपीट और फिर दुष्कर्म की कोशिश का आरोप; शादी के दूसरे दिन ही थाने पहुंची नवविवाहिता

जिला अस्पताल किया गया रेफर

शबाना की बिगड़ती हालत देखकर परिजन उसे पहले एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। हालांकि, महिला की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इसके बाद परिवार के लोग उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने महिला की जांच की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने शबाना को मृत घोषित कर दिया। यह खबर सुनते ही परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई।

गर्भपात की दवा लेने के बाद महिला की मौत (IMG: Dynamite News)

झोलाछाप पर लापरवाही का आरोप

महिला की मौत के बाद परिजनों ने दवा देने वाले झोलाछाप के खिलाफ नाराजगी जताई है। उनका आरोप है कि गलत तरीके से गर्भपात की दवा देने और लापरवाही के चलते शबाना की हालत बिगड़ी और उसकी जान चली गई। परिजनों ने इस मामले में पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, महिला की मौत के लिए दवा या कथित इलाज को जिम्मेदार ठहराने की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इसकी वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

हाथरस में यूट्यूब वीडियो देखकर अपनाया घरेलू उपाय, गर्भवती महिला की हालत गंभीर

मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया

इस घटना का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि शबाना अपने पीछे चार छोटे बच्चों को छोड़ गई है। उसके परिवार में दो बेटियां और दो बेटे हैं। महज 24 साल की उम्र में मां की मौत ने इन चारों बच्चों की जिंदगी में ऐसा खालीपन पैदा कर दिया है, जिसकी भरपाई करना आसान नहीं होगा। मां की मौत के बाद बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के अन्य सदस्य भी गहरे सदमे में हैं। जिस घर में कुछ समय पहले तक बच्चों की हंसी-खुशी गूंजती थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है।

Location :  Hathras

Published :  25 November 2026, 2:42 PM IST