Varanasi: आग ने मचाई तबाही! CNG पंप यार्ड हादसे की जांच में जुटी दिल्ली की टीम

वाराणसी के करखियांव स्थित गेल इंडिया के सीएनजी पंप यार्ड में लगी भीषण आग की जांच के लिए दिल्ली से पांच सदस्यीय टीम पहुंची। प्रारंभिक जांच में लापरवाही के संकेत, 10 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान। हादसा कैसे हुआ, जानने के लिए पढ़ें पूरी खबर

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 22 June 2026, 4:37 PM IST

Varanasi: उत्तर प्रदेश के फूलपुर थाना क्षेत्र के करखियांव स्थित सीएनजी पंप यार्ड में लगी भीषण आग के मामले में जांच तेज हो गई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए गेल इंडिया लिमिटेड के नई दिल्ली मुख्यालय से पांच सदस्यीय टीम वाराणसी पहुंची है। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आग लगने के कारणों और सुरक्षा व्यवस्था की पड़ताल शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में स्थानीय स्तर पर लापरवाही के संकेत भी सामने आए हैं।

प्लास्टिक पाइप गोदाम पर जांच टीम की नजर

जांच के दौरान टीम ने सीएनजी पंप यार्ड के समीप संचालित प्लास्टिक पाइप गोदाम को लेकर विशेष रुचि दिखाई। बताया जा रहा है कि गोदाम को अनुमति देने और सुरक्षा मानकों के पालन में कई खामियां सामने आ सकती हैं। टीम ने पंप संचालन से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों से पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए हैं। इसके साथ ही गोदाम संचालन की अनुमति देने वाले अधिकारियों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है।

चार घंटे की मशक्कत के बाद बुझी थी आग

गौरतलब है कि शुक्रवार रात करखियांव एग्रो पार्क स्थित सीएनजी पंप यार्ड के पीछे बने प्लास्टिक पाइप गोदाम में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई गई थी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे यार्ड को अपनी चपेट में ले लिया।

सीएनजी पंप से महज 50 मीटर की दूरी पर लगी आग के कारण आसपास के उद्योगों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई थी। सूचना मिलते ही वाराणसी और जौनपुर से दमकल विभाग की 11 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

एयर कंप्रेसर, ट्रांसफार्मर और बिजली पोल हुए नष्ट

अग्निकांड में एयर कंप्रेसर मशीन, ट्रांसफार्मर और बिजली विभाग के चार पोल जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए। बिजली निगम को एक लाख रुपये से अधिक की क्षति हुई है, जबकि गेल इंडिया को करीब 10 करोड़ रुपये का नुकसान होने का अनुमान लगाया गया है।

रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई

सूत्रों के मुताबिक सोमवार को दिल्ली से आए वरिष्ठ अधिकारी स्थानीय प्रबंधन के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान आग से हुए नुकसान, सुरक्षा व्यवस्थाओं, जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका और भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम पर चर्चा होगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Location :  Varanasi

Published :  22 June 2026, 4:37 PM IST