महराजगंज में ग्रामसभा की भूमि पर कब्जा, सोहगौरा गांव में पोखरी पाटने और चकमार्ग बाधित करने का गंभीर मामला आया सामने

महराजगंज के सदर तहसील क्षेत्र के सोहगौरा गांव में पोखरी, चकमार्ग और गांव सभा की भूमि को लेकर गंभीर शिकायत सामने आई है। शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी को प्रार्थना-पत्र देकर भूमि की पैमाइश और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने के साथ अवैध कब्जा मिलने पर कार्रवाई की मांग की है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 9 October 2026, 5:07 PM IST

Maharajganj: सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम सोहगौरा में गांव सभा की भूमि और चकमार्ग को लेकर विवाद गहरा गया है। एक ग्रामीण ने जिलाधिकारी को प्रार्थना-पत्र देकर सरकारी अभिलेखों में दर्ज भूमि पर कथित कब्जे और चकमार्ग बाधित किए जाने की शिकायत की है। मामले में जांच और विधिक कार्रवाई की मांग के बाद अब प्रशासनिक स्तर पर जांच की उम्मीद बढ़ गई है।

पोखरी की जमीन पर मिट्टी डालकर पाटने का आरोप

ग्राम सोहगौरा निवासी अखिलेश मिश्रा ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना-पत्र में मौजा सोहगौरा की कई गाटा संख्याओं का उल्लेख किया है। शिकायतकर्ता के अनुसार गाटा संख्या 586 रकबा 0.1210 हेक्टेयर पोखरी के खाते में दर्ज है। आरोप लगाया गया है कि पारसनाथ यादव पुत्र रामचरन यादव ने उक्त पोखरी में मिट्टी डालकर उसे पाट दिया है।

यह भी पढ़ें - Maharajganj News: लेहड़ा देवी मंदिर के मानसरोवर की सफाई में जुटे युवा, कई दिनों से जारी है अभियान

चकमार्ग बाधित होने से रास्ते को लेकर परेशानी का दावा

शिकायतकर्ता ने एक अन्य गंभीर समस्या गाटा संख्या 709 को लेकर उठाई है। उसके अनुसार यह भूमि 0.0890 हेक्टेयर चकमार्ग के रूप में दर्ज है, लेकिन संबंधित व्यक्ति द्वारा अपने दरवाजे के सामने चकमार्ग पर मिट्टी डालने नहीं दिया जा रहा है। शिकायतकर्ता का कहना है कि चकमार्ग बाधित होने के कारण वह अपने गाटा संख्या 584 तक नहीं पहुंच पा रहा है।

ग्राम प्रधान पर भी लगाए आरोप

मामला यहीं तक सीमित नहीं है। प्रार्थना-पत्र में ग्राम प्रधान पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि गाटा संख्या 585 और 582 की भूमि पर गांव के कुछ लोगों को कथित रूप से धन लेकर कब्जा कराया गया है। शिकायत में रूदल पुत्र तुलसी, असलम पुत्र इन्ताफ, असरफ पुत्र इन्ताफ और रमजान पुत्र मुमताज के नाम का उल्लेख किया गया है।

यह भी पढ़ें - Maharajganj News: सोशल मीडिया पर युवक को शोहरत पाने की सनक पड़ी भारी, 9 सेकंड के AI वीडियो ने खिलाई जेल की हवा

राजस्व अभिलेखों से जांच कराने की मांग

शिकायतकर्ता का आरोप है कि गांव सभा की भूमि पर इस तरह कब्जा होने से सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने संबंधित गाटा नंबरों की राजस्व अभिलेखों के आधार पर जांच, मौके पर पैमाइश और भूमि की वास्तविक स्थिति का सत्यापन कराने की मांग की है।

Location :  Maharajganj

Published :  9 October 2026, 5:07 PM IST