
चलती बस में शिक्षिका से छेड़छाड़ (Img: AI Generated Image)
Agra: जयपुर जा रही एक शिक्षिका ने चलती बस में छेड़छाड़ और दुष्कर्म की कोशिश का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि बस में मौजूद यात्रियों के सामने उसने विरोध किया और मदद की उम्मीद की, लेकिन उसे समय पर सहायता नहीं मिली। मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि घटना के करीब 40 दिन बाद रकाबगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। अब पुलिस बस और आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
पीड़िता जयपुर की रहने वाली हैं और एक कॉन्वेंट स्कूल में शिक्षिका हैं। उनके अनुसार, 12 अगस्त को वह लखनऊ से लौट रही थीं। आईएसबीटी पहुंचने के बाद वह ऑटो से ईदगाह गईं और वहां से एक ट्रैवल एजेंसी की बस में सवार हुईं। बस में 25 से ज्यादा यात्री मौजूद थे और वह पीछे की सीट पर बैठी थीं। रास्ते में चालक ने बस को एक ढाबे पर रोका। चाय-नाश्ते के लिए कई यात्री नीचे उतर गए। इसी दौरान तीन युवक महिला की सीट के आसपास आकर बैठ गए। महिला ने आरोप लगाया कि तीनों लगातार उन्हें घूर रहे थे, जिससे वह असहज हो गईं।
ये भी पढ़ें- जौनपुर में छात्र की मौत मामले मे आया नया मोड़; मां ने जहर पिलाने का लगाया आरोप
महिला के मुताबिक, कुछ देर बाद उनमें से एक युवक उनकी सीट के पास खड़ा हो गया और अचानक उनके ऊपर गिर गया। विरोध करने पर वह हंसने लगा। इसके बाद उसने मोबाइल निकालकर किसी से बातचीत शुरू कर दी।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि युवक ने इसके बाद दुष्कर्म की कोशिश की। उनका कहना है कि उन्होंने विरोध किया, लेकिन बस में मौजूद किसी यात्री ने उनकी मदद नहीं की। यात्रा पूरी होने के बाद वह अपने घर पहुंचीं और फिर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई।
महिला ने 26 अगस्त को आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत की थी। इसके बाद जांचकर्ता ने उनसे संपर्क किया। पुलिस के अनुसार, घटना के करीब 40 दिन बाद महिला रकाबगंज थाने पहुंचीं, जहां प्राथमिकी दर्ज की गई।
ये भी पढ़ें- जमुई में लड़की से छेड़छाड़ करने वाले मुख्य आरोपी का एनकाउंटर, मुठभेड़ के बाद एक बदमाश घायल और चार गिरफ्तार
डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास के मुताबिक, पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि महिला ने किस बस से यात्रा की थी। महिला के पास बस नंबर या टिकट उपलब्ध नहीं है। आरोपित यात्रियों के बारे में भी फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है।
पुलिस संबंधित ट्रैवल एजेंसी संचालकों से संपर्क कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि 12 अगस्त को लखनऊ से आगरा होते हुए जयपुर जाने वाली किन बसों में महिला ने यात्रा की थी। इसके बाद बस और उसमें सवार यात्रियों की पहचान करने का प्रयास किया जाएगा। फिलहाल पुलिस महिला के आरोपों की जांच कर रही है।
Location : Agra
Published : 22 September 2026, 2:00 PM IST
Topics : Agra news Bus Harassment crime news Teacher News UP News