Sultanpur: मौत या कत्ल? जलाशय में उतराती मिली युवक की लाश, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

सुल्तानपुर के जल निगम परिसर में पानी में युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। परिजनों ने गले पर चोट के निशान का दावा करते हुए हत्या की आशंका जताई है। क्या यह हादसा है या साजिश? पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच से होगा बड़ा खुलासा।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 3 August 2026, 7:24 PM IST

Sultanpur: नगर कोतवाली क्षेत्र के विनोबापुरी स्थित जल निगम परिसर में पानी में डूबने से एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान साकिब उर्फ भंडारी पुत्र सहबान के रूप में हुई है। वह मूल रूप से गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के सरैया गांव का निवासी था, लेकिन बचपन से अपने मामा इलियास के यहां लोलेपुर चौहानी में रह रहा था। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही नगर कोतवाल सुरेश नारायण मिश्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Sultanpur: पटेला में युवक को रोककर मारपीट, सोशल मीडिया पर फैला कट्टे का झूठ; जानिए क्या है पूरा मामला?

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

मृतक के परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि साकिब के गले पर चोट के निशान मौजूद हैं, जिससे मामला केवल पानी में डूबने का नहीं बल्कि हत्या का प्रतीत होता है। परिजनों ने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Sultanpur: बाप-बेटा मिलकर चला रहे थे नशे का धंधा; पुलिस ने 2,278 किलो गांजे संग दबोचा

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

पुलिस का कहना है कि युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही चल सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच की जा रही है।

Location :  Sultanpur

Published :  3 August 2026, 7:24 PM IST