
मौके पर पुलिस
Sonbhadra: सोनभद्र जनपद के खड़िया क्षेत्र में गुरुवार एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां नशे की हालत में पति ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है मृतका की पहचान आशा देवी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति का नाम महेंद्र गुप्ता पुत्र दशरथ गुप्ता बताया जा रहा है। महेंद्र गुप्ता मूल रूप से ओबरा क्षेत्र का निवासी है और खड़िया क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहा था।
स्थानीय लोगों के अनुसार बुधवार रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि महेंद्र गुप्ता नशे की हालत में था। विवाद बढ़ने के बाद उसने अपनी पत्नी आशा देवी का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के समय आरोपी पति घर में ही मौजूद था घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं आरोपी महेंद्र गुप्ता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच पहले भी विवाद की बातें सामने आती थीं, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि मामला इतना गंभीर हो जाएगा। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला घरेलू विवाद में हत्या का प्रतीत हो रहा है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में विधिक कार्रवाई जारी है खड़िया क्षेत्र में हुई इस घटना ने एक बार फिर घरेलू हिंसा और नशे की बढ़ती प्रवृत्ति को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
Location : Sonbhadra
Published : 28 May 2026, 3:05 PM IST
Topics : crime news husband murder Sonbhadra wife