
बस-ट्रक की आमने-सामने भीषण भिड़ंत (Img: Dynamite News)
Hathras: हाथरस के सिकंदराराऊ थाना क्षेत्र में रविवार रात करीब 9:30 बजे कासगंज रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ढाबे के पास राजस्थान रोडवेज की बस और सरकारी राशन से लदे ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।
जानकारी के मुताबिक राजस्थान के अजमेर डिपो की रोडवेज बस बरेली से जयपुर जा रही थी। बस में करीब 45 यात्री सवार थे। इसी दौरान कासगंज रोड पर ढाबे के पास बस की सामने से आ रहे राशन लदे ट्रक से टक्कर हो गई।
हादसे में बस चालक सुभाष चंद्र निवासी बबरान, कोटपुतली और ट्रक चालक अरविंद निवासी नवली गांव गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर अलीगढ़ रेफर किया गया। पुलिस उनके परिजनों को सूचना देने की कार्रवाई में जुटी है।
टक्कर में बस सवार शहजान, वकील अहमद, तोताराम, कमल और फिदा हुसैन समेत कुल आठ यात्री घायल हुए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने राहत-बचाव शुरू किया। क्षतिग्रस्त बस से यात्रियों को बाहर निकालकर कलावती नर्सिंग होम पहुंचाया गया।
अस्पताल में सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। बताया गया कि हालत सामान्य होने के बाद घायलों को उनके गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया।
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दुर्घटना के कारण सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई थी। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस और ट्रक को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
वहीं ट्रक में लदी चावल की बोरियों को भी दूसरे वाहनों में ट्रांसफर कराया गया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार की बात सामने आ रही है, हालांकि दुर्घटना की सही वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
Location : Hathras
Published : 28 September 2026, 1:53 PM IST