
टूटी सड़क ने बच्चों का तोड़ा सब्र (IMG: Dynamite News)
Mahoba: बारिश के बीच महोबा में सोमवार को उस वक्त हालात बिगड़ गए, जब सड़क की बदहाली से परेशान स्कूली बच्चे पढ़ाई छोड़कर हाईवे पर उतर आए। रैपुरा कलां गांव के छात्रों ने खराब सड़क, गड्ढों और जलभराव के खिलाफ झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर जाम लगा दिया। बच्चों के सड़क पर उतरने से प्रशासन में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते हाईवे के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब तीन घंटे तक यातायात बाधित रहा। बच्चों का कहना था कि गांव को जोड़ने वाली सड़क लंबे समय से बदहाल है और बारिश के दिनों में स्थिति और ज्यादा खराब हो जाती है।
रैपुरा कलां गांव को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली करीब तीन किलोमीटर लंबी सड़क की हालत बेहद खराब बताई जा रही है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हैं और बारिश के बाद इनमें पानी भर गया है। छात्रों के मुताबिक, सड़क की खुदाई और जलभराव के कारण आवागमन मुश्किल हो गया है। ई-रिक्शा और ऑटो तक कई जगह पलट चुके हैं। हादसों में कई बच्चे पहले भी चोटिल हो चुके हैं।
बच्चों ने सड़क की बदहाली के लिए आसपास संचालित दाल मिलों से निकलने वाले भारी वाहनों और गंदे पानी को भी जिम्मेदार बताया। छात्रों का आरोप है कि इलाके में कई दाल मिलें चलती हैं, जहां से ओवरलोड ट्रकों की आवाजाही होती है। इन भारी वाहनों के लगातार गुजरने से पहले से खराब सड़क और ज्यादा टूट गई है।
छात्रों का कहना है कि सड़क की समस्या को लेकर अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लगातार अनदेखी से बच्चों और ग्रामीणों का सब्र टूट गया। इसके बाद रैपुरा कलां के साथ मझलवारा, बनियातला और महानपुरा के स्कूली बच्चे भी विरोध में शामिल हो गए। बच्चों ने सड़क पर लकड़ी और पत्थर रखकर झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर यातायात रोक दिया।
जाम की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस और तहसीलदार अभिषेक मिश्रा मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने बच्चों को समझाकर जाम खुलवाने की कोशिश की। हालांकि छात्रों ने पुलिस पर बदसलूकी करने का आरोप लगाया। बच्चों और मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, पुलिसकर्मियों ने कुछ छात्रों को कथित तौर पर घसीटकर सड़क से हटाया। छात्राओं ने विरोध में मानव श्रृंखला बनाने की कोशिश की तो आरोप है कि उन्हें माता-पिता के खिलाफ कार्रवाई और लाठीचार्ज की धमकी दी गई।
महज हादसा या सोची-समझी हत्या? महोबा में सुरक्षा गार्ड की मौत ने खड़े किए कई गंभीर सवाल
प्रदर्शन कर रहे बच्चों का कहना था कि सरकार शिक्षा को लेकर तमाम योजनाएं चला रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर उन्हें स्कूल पहुंचने के लिए ही संघर्ष करना पड़ रहा है। बच्चों के मुताबिक, सड़क की खराब हालत के कारण उन्हें रोज स्कूल पहुंचने में देरी होती है। बारिश के दिनों में समस्या और ज्यादा गंभीर हो जाती है।
करीब तीन घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद तहसीलदार अभिषेक मिश्रा ने बच्चों से बातचीत की। उन्होंने छात्रों की समस्या सुनी और संबंधित विभाग को सड़क निर्माण के लिए पत्र भेजने का आश्वासन दिया। प्रशासन की ओर से जल्द सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू कराने का भरोसा मिलने के बाद छात्र सड़क से हट गए। इसके बाद हाईवे पर यातायात दोबारा बहाल हो सका।
Location : Mahoba
Published : 19 August 2026, 3:32 PM IST