मातम मनाने चले थे, खुद हो गए शिकार; जानिए संभल में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने वाले इस भीषण हादसे का क्या है खौफनाक सच?

गमी में शामिल होने जा रहे 20 से ज्यादा ग्रामीणों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक सड़क पर पलट गई। हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल बताए जा रहे हैं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 14 September 2026, 6:04 PM IST

Sambhal: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 15 ग्रामीण घायल हो गए। हादसा हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र में फतेहउल्ला गंज गांव के पास हुआ। बताया गया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में 20 से अधिक लोग सवार थे और सभी मैनाठेर क्षेत्र में एक रिश्तेदार के यहां गमी में शामिल होने जा रहे थे।

एक्सल टूटने से अनियंत्रित हुई ट्रॉली

जानकारी के अनुसार, असमोली थाना क्षेत्र के पेतीयां माफी गांव निवासी ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली से मैनाठेर जा रहे थे। फतेहउल्ला गंज के पास अचानक ट्रैक्टर का एक्सल टूट गया। इसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

IMD का रेड अलर्ट: आज संभलकर निकलें बाहर, दिल्ली-यूपी समेत इन राज्यों में बिगड़ेगा मौसम

पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को निकाला

हादसे की सूचना मिलते ही हजरतनगर गढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से ट्रॉली में फंसे लोगों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल भेजा। गंभीर रूप से घायल ग्रामीणों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि कुछ घायलों का इलाज मैनाठेर के निजी अस्पतालों में चल रहा है।

तीन महिलाओं की हुई मौत

एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने हादसे में तीन महिलाओं की मौत की पुष्टि की है। मृतकों की पहचान पेतीयां माफी गांव निवासी चंद्रावती (50) पत्नी हरकेश, ममता (55) पत्नी दयाराम और ओमवती (60) पत्नी हरपाल के रूप में हुई है। हादसे में घायल अन्य लोगों का इलाज कराया जा रहा है।

संभल में दिल दहला देने वाला हादसा, मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर बालू से लदे डंपर ने ऑटो को रौंदा, चार की दर्दनाक मौत

हादसे की जांच में जुटी पुलिस

एसपी के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में ट्रैक्टर का एक्सल टूटना हादसे की वजह सामने आया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Location :  Sambhal

Published :  14 September 2026, 6:04 PM IST