
मृतका कोमल दहाले (Image: X)
पुलिस के मुताबिक, मृतका कोमल दहाले महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र के वर्धा जिले की रहने वाली थी। वहीं, आरोपी शुभम कालबांडे पूर्वी महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले का रहने वाला है। दोनों पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे और हिंजेवाड़ी की दो बड़ी आईटी कंपनियों में काम करते थे।
पुलिस उपायुक्त प्रदीप जाधव ने बताया कि दोनों अपने पेशे के जरिए एक-दूसरे के संपर्क में आए थे। पिछले साढ़े तीन साल से दोनों रिलेशनशिप में थे। हालांकि, बीते दो-तीन महीनों से कुछ मुद्दों को लेकर उनके बीच अक्सर बहस होने लगी थी।
पुलिस उपायुक्त के मुताबिक, रविवार रात शुभम और कोमल एक होटल में डिनर करने गए थे। इसके बाद दोनों हिंजेवाड़ी पुलिस थाना क्षेत्र के सखारे वस्ती स्थित 'प्रिस्टीन पीजी' लौट आए। कोमल इसी पीजी में रहती थी।
रात करीब साढ़े 12 बजे दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ता चला गया। रात करीब तीन बजे दोनों के बीच हो रही कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी शुभम ने गुस्से में कोमल पर कई बार मुक्कों से वार किया और उसकी बुरी तरह पिटाई की। इस जानलेवा हमले में कोमल की मौत हो गई। हालांकि, दोनों के बीच उस रात किस बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे शुभम कालबांडे ने खुद पुलिस को फोन किया और एंबुलेंस भेजने के लिए कहा। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल शुरू की।
पुलिस अधिकारी के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया कि शुभम कालबांडे ने ही अपनी गर्लफ्रेंड कोमल दहाले पर जानलेवा हमला किया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। दोनों के बीच चल रहे विवाद की वास्तविक वजह और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा विस्तृत जांच के बाद हो सकेगा।
Location : Pune
Published : 25 November 2026, 5:06 PM IST
Topics : hinjewadi crime news komal dahale murder Pune Murder Case shubham kalbande software engineer murder case