पहले दोस्ती, फिर प्यार और फिर हत्या की साजिश… केतन हत्याकांड की अंदरूनी कहानी

पुणे के केतन अग्रवाल हत्याकांड में पुलिस जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है। क्रिकेट के जरिए चेतन चौधरी की दोस्ती सिया के भाई से हुई और वहीं से दोनों के रिश्ते की शुरुआत हुई। मामले में जांच जारी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 27 June 2026, 2:29 PM IST

Pune: पुणे के कारोबारी केतन अग्रवाल की संदिग्ध हत्या मामले की जांच में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी चेतन चौधरी की गोयल परिवार से पहचान क्रिकेट के जरिए हुई थी। सिया के भाई साहिल और चेतन की दोस्ती के बाद ही सिया और चेतन एक-दूसरे के संपर्क में आए। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

क्रिकेट के मैदान से शुरू हुई दोस्ती

पुलिस के अनुसार, वर्ष 2024 में क्रिकेट खेलने के दौरान चेतन चौधरी और सिया के भाई साहिल की दोस्ती हुई थी। दोनों नियमित रूप से साथ क्रिकेट खेलते थे। इसी दौरान साहिल ने चेतन की मुलाकात अपनी बहन सिया से कराई। जांचकर्ताओं का मानना है कि यहीं से दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं।

भाई को पहले से थी रिश्ते की जानकारी

पुलिस ने शुक्रवार को साहिल से करीब 10 घंटे तक पूछताछ की। पूछताछ में उसने बताया कि वह कई महीनों से सिया और चेतन के रिश्ते के बारे में जानता था। उसने अपनी बहन को यह संबंध खत्म करने की सलाह भी दी थी, क्योंकि उसकी सगाई पहले ही केतन अग्रवाल से हो चुकी थी।

शादी की तैयारियों के बीच भी जारी रहा संपर्क

जांच में सामने आया है कि केतन से शादी की तैयारियां चलने के बावजूद सिया और चेतन लगातार संपर्क में थे। पुलिस के मुताबिक, जनवरी से जून 2026 के बीच दोनों के बीच 2,000 से अधिक फोन कॉल हुए और लगभग 238 घंटे तक बातचीत हुई। इसी दौरान सिया शादी की तैयारियों में भी सक्रिय रूप से शामिल रही और केतन के साथ प्री-वेडिंग फोटोशूट की योजना भी बनाई गई थी।

विग को लेकर भी सामने आया नया दावा

पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान यह बात भी सामने आई कि सिया कथित तौर पर केतन से शादी नहीं करना चाहती थी, क्योंकि उसे पता चला था कि केतन गंजेपन को छिपाने के लिए विग या हेयर पैच का इस्तेमाल करता था। हालांकि, केतन के परिवार का कहना है कि इस बात की जानकारी पहले से गोयल परिवार को थी और इसे छिपाया नहीं गया था।

क्या है पूरा मामला?

18 जून को पुणे के लोहागढ़ किले से गिरने के बाद रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की मौत हो गई थी। शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने इसे संदिग्ध मानते हुए हत्या के एंगल से जांच शुरू की। मामले में केतन की मंगेतर सिया और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया गया है। दोनों फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं और उनसे पूछताछ जारी है।

हर पहलू की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि कथित साजिश की जानकारी परिवार के किसी सदस्य को पहले से थी या नहीं। साथ ही दोनों आरोपियों के मोबाइल डेटा, कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी विस्तार से जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी।

Location :  Pune

Published :  27 June 2026, 2:29 PM IST