
मोबाइल विवाद के बाद छात्रा ने दी जान (Img: AI)
Prayagraj: प्रयागराज जिले के करछना थाना क्षेत्र स्थित बघेड़ा गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां 15 वर्षीय छात्रा ने कथित तौर पर फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मोबाइल देखने को लेकर बहनों से हुए विवाद के बाद वह नाराज होकर कमरे में चली गई थी। कुछ देर बाद उसका शव फंदे से लटका मिला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, बघेड़ा गांव निवासी श्याम बाबू निषाद की पुत्री चांदनी (15) कक्षा 11 की छात्रा थी। गुरुवार सुबह मोबाइल देखने को लेकर उसकी बहनों से कहासुनी हो गई। विवाद के बाद वह नाराज होकर अपने कमरे में चली गई।
Prayagraj: न ज्वाइनिंग, न जवाब… ग्राम विकास अधिकारी कहां हुआ लापता? जानिये चौंकाने वाला मामला
जब काफी देर तक वह कमरे से बाहर नहीं निकली तो परिजनों को चिंता हुई। दरवाजा खोलकर देखा गया तो चांदनी फंदे से लटकी मिली। यह दृश्य देखते ही मां की चीख निकल गई और मौके पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
घटना की सूचना मिलते ही भुंडा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से शव को नीचे उतरवाया और पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि घटना के समय छात्रा के पिता और भाई निजी कंपनी के काम से घर से बाहर थे। घर में केवल मां और बहनें मौजूद थीं।
पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Prayagraj
Published : 2 July 2026, 5:13 PM IST