अयोध्या से लौटते वक्त ऐसा क्या हुआ? शादी से पहले उजड़ गया परिवार, पिकअप में घुसी कार और चली गई भाई-बहन की जान

प्रयागराज के रानीगंज में अयोध्या से लौट रही कार प्लाईवुड लदी पिकअप में घुस गई। हादसे में शादी तय होने वाली युवती और उसके भाई की मौत हो गई, जबकि मंगेतर घायल है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 10 July 2026, 3:23 PM IST

Prayagraj: प्रयागराज के रानीगंज कस्बे में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। अयोध्या से दर्शन कर लौट रही तेज रफ्तार कार ट्रॉमा सेंटर के पास आगे चल रही प्लाईवुड लदी पिकअप में जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस दुर्घटना में भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

नवंबर में होनी थी शादी, उससे पहले बिछड़ गई जिंदगी

मृतकों की पहचान जौनपुर के नई बाजार निवासी 24 वर्षीय प्रिया उर्फ रोली और उसके 18 वर्षीय भाई आकाश उर्फ मोनू के रूप में हुई है। रोली की सगाई इसी वर्ष 26 जनवरी को मोहित से हुई थी और दोनों की शादी नवंबर में तय थी। लेकिन शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।

दो कारों में लौट रहा था परिवार

जानकारी के अनुसार, परिवार गोंडा के मनकापुर स्थित ससुराल से लौट रहा था। सभी ने रास्ते में अयोध्या जाकर भगवान श्रीराम के दर्शन किए और फिर जौनपुर के लिए रवाना हुए। एक कार में मनीष सोनी अपनी पत्नी दीपा और बच्चों के साथ थे, जबकि दूसरी कार में मोहित, उसकी मंगेतर रोली और साला आकाश सवार थे। रानीगंज ट्रॉमा सेंटर के पास मोहित की कार अचानक अनियंत्रित होकर पिकअप में जा घुसी।

Kotedar: कोटेदार चुनाव में धांधली का आरोप, पीड़ित ग्रामीण ने जिलाधिकारी के दरबार में उठाया मामला

जेसीबी और कटर से निकाले गए शव

हादसे के बाद स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे, लेकिन कार इतनी बुरी तरह क्षतिग्रस्त थी कि उसमें फंसे लोगों को निकालना आसान नहीं था। फायर ब्रिगेड की टीम ने जेसीबी और कटर की मदद से कार को काटकर घायलों और मृतकों को बाहर निकाला। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने रोली और आकाश को मृत घोषित कर दिया, जबकि मोहित का इलाज जारी है।

भाई-बहन की मौत की खबर सुनते ही बड़ी बहन दीपा अस्पताल में बेसुध होकर गिर पड़ीं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता के निधन के बाद रोली और आकाश अपनी बड़ी बहन के साथ ही रह रहे थे। पूरे परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन एक हादसे ने सब कुछ खत्म कर दिया।

Kotedar: कोटेदार चुनाव में धांधली का आरोप, पीड़ित ग्रामीण ने जिलाधिकारी के दरबार में उठाया मामला

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त कार और पिकअप को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। फरार पिकअप चालक की तलाश की जा रही है।

Location :  Prayagraj

Published :  10 July 2026, 3:23 PM IST