
मछली पकड़ने निकले चाचा-भतीजे का रहस्यमयी अंत (Img: Dynamite News)
Pratapgarh: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में बारिश के चलते उफनाए नाले में डूबने से चाचा-भतीजे की मौत हो गई। दोनों शनिवार शाम गांव के पास नाले में मछली पकड़ने गए थे। इसी दौरान भतीजा गहरे पानी में डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में चाचा भी पानी में समा गए। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, रानीगंज कोतवाली क्षेत्र के मेढ़ौली जगदीशपुर गांव निवासी नन्हे विश्वकर्मा (35) अपने 22 वर्षीय भतीजे विकास उर्फ लल्ले पुत्र फूलचंद के साथ शनिवार शाम गांव के पास स्थित नाले में मछली पकड़ने गए थे। लगातार बारिश के कारण इन दिनों नाला उफान पर है और उसमें पानी का बहाव भी तेज बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि मछली पकड़ने के दौरान विकास अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। भतीजे को पानी में डूबता देखकर नन्हे उसे बचाने के लिए नाले में उतर गए। लेकिन पानी की गहराई और तेज बहाव के कारण दोनों देखते ही देखते पानी में डूब गए।
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और दोनों की तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर नन्हे का शव बरामद कर लिया गया। वहीं, विकास का कोई पता नहीं चल सका।
सूचना मिलने पर रानीगंज पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से विकास की तलाश कराई, लेकिन शनिवार देर रात तक उसका पता नहीं चल सका। रविवार सुबह घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर पानी में विकास का शव उतराता हुआ मिला।
विकास का शव मिलने की सूचना जैसे ही परिजनों को मिली, घर में चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। बारिश के कारण नाले में बढ़े पानी के बीच मछली पकड़ने के दौरान यह हादसा हुआ। प्रशासन की ओर से लोगों से उफनते नालों और जलभराव वाले स्थानों से दूर रहने की अपील की जा रही है।
Location : Pratapgarh
Published : 23 August 2026, 6:26 PM IST