पति को नशे की नींद सुलाया और बाथरूम के दरवाजे के पीछे छिपा था मौत! प्रतापगढ़ में डकैती के दौरान महिला की हत्या से सहमा पूरा इलाका

प्रतापगढ़ में आधी रात हुई डकैती और महिला की हत्या ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस लूट के साथ आपसी रंजिश के पहलुओं की भी जांच कर रही है। अब जांच से पता चलेगा कि वारदात के पीछे कौन था और इसका मकसद क्या था।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 17 October 2026, 9:20 AM IST

Pratapgarh: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के फतनपुर थाना क्षेत्र के स्थानीय बाजार में शुक्रवार देर रात डकैती और महिला की हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। आरोप है कि करीब एक बजे घर में घुसे चार-पांच नकाबपोश बदमाशों ने टाइनी शाखा संचालक अजय कुमार की पत्नी मंजू देवी (44) की पीट-पीटकर हत्या कर दी। बदमाश घर से 90 हजार रुपये नकद और लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना में अजय कुमार के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बाथरूम जाने के दौरान महिला को बनाया निशाना

मिली जानकारी के अनुसार, स्थानीय बाजार निवासी अजय कुमार बैंक ग्राहक सेवा केंद्र यानी टाइनी शाखा चलाते हैं। शुक्रवार देर रात करीब एक बजे उनकी पत्नी मंजू देवी लघुशंका के लिए उठीं। इसी दौरान घर में मौजूद बदमाशों ने उन्हें पकड़कर बाथरूम में बंद कर दिया।

बताया गया कि बाथरूम से आवाज आने पर अजय कुमार की नींद खुल गई। उन्होंने विरोध किया तो बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि बदमाशों ने उन्हें कोई नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया और बंधक बना लिया।

पति की हत्या और अवैध संबंधों का काला सच! प्रतापगढ़ में बर्तन व्यापारी की हत्या, पत्नी हिरासत में

महिला की पीट-पीटकर हत्या

आरोप है कि बदमाशों ने मंजू देवी को लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद बदमाशों ने घर की अलमारी और अन्य सामान खंगाला। वे 90 हजार रुपये नकद और लाखों रुपये के जेवरात लेकर फरार हो गए।

शनिवार सुबह घटना की जानकारी सामने आने पर इलाके में हड़कंप मच गया। मंजू देवी अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी छोड़ गई हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है और स्थानीय लोगों में आक्रोश है।

सीओ और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

वारदात की सूचना मिलने के बाद अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) और सीओ रानीगंज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने मामले में न्याय की मांग की है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और परिवार के सदस्यों से मिली जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।

Pratapgarh News: प्रतापगढ़ में युवक की हत्या, शीतलमऊ नहर किनारे मिला 30 वर्षीय उमा शंकर का शव

डकैती के साथ आशनाई के पहलू की भी जांच

पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं।

पुलिस डकैती के पहलू के साथ-साथ आशनाई यानी प्रेम प्रसंग या आपसी रंजिश की आशंका को ध्यान में रखकर भी जांच कर रही है। हालांकि, घटना के कारण और इसमें शामिल लोगों की भूमिका को लेकर अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।

Location :  Pratapgarh

Published :  17 October 2026, 9:16 AM IST