
पालघर विरार: दोहरा हत्याकांड(Source: google)
Palghar: महाराष्ट्र के पालघर जिले से रूह कंपा देने वाली एक घटना सामने आई है। यहां विरार (पश्चिम) इलाके में एक युवक ने शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने से नाराज होकर एक महिला और उसकी बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी। इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद को भी चाकू मारकर जान देने की कोशिश की। पुलिस ने आरोपी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान सईदा मिश्रा और उनकी बेटी नैन्सी के रूप में हुई है। आरोपी शिवम नैन्सी से शादी करना चाहता था, लेकिन सईदा इस रिश्ते के पक्ष में नहीं थीं। बुधवार सुबह शिवम उनके फ्लैट पर पहुंचा और बहस करने लगा।
विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और चाकू से दोनों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने जब पुलिस को सूचना दी, तब जाकर मामला खुला।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने जब दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, तो आरोपी ने इनकार कर दिया। आखिरकार पुलिस को दरवाजा तोड़कर अंदर घुसना पड़ा, जहां मां-बेटी की लाशें खून से लथपथ पड़ी थीं और शिवम खुद को घायल कर तड़प रहा था। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (एक) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
Location : Palghar
Published : 30 April 2026, 6:52 AM IST