Muzaffarnagar: 8 लोगों के सामूहिक हत्याकांड में नया मोड़, जिस गवाह ने दिलाई सजा उसे परिवार सहित जान का खतरा

मुज़फ़्फ़रनगर के बधाई खुर्द गांव से एक बार फिर गंभीर विवाद सामने आया है। चर्चित उदयवीर परिवार की बहू रीतू सिंह ने पुलिस को शिकायत देकर अपने ही परिवार के सदस्य पर संपत्ति कब्जाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामला पुराने हत्याकांड और लंबे समय से चल रहे पारिवारिक विवाद से जुड़ा है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 26 April 2026, 7:27 PM IST

Muzaffarnagar: मुज़फ़्फ़रनगर के चर्चित बधाई खुर्द गांव से एक बार फिर सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां कभी 8 लोगों की सामूहिक हत्या के मामले में गवाही देकर आरोपियों को सजा दिलाने वाली गवाह आज खुद अपनी जान को खतरा बता रही है।

चर्चित उदयवीर परिवार की बहू रीतू सिंह ने पुलिस कार्यालय पहुंच कर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उनके ही परिवार का एक सदस्य रंजनवीर सिंह न सिर्फ उनकी संपत्ति पर जबरन कब्जा करने की कोशिश कर रहा है, बल्कि पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दे रहा है।

गवाही देकर आरोपियों को दिलाई सजा

रीतू सिंह ने बताया कि वर्ष 2010 में उनके जेठ अमरवीर सिंह की हत्या हुई थी। इसके बाद उनकी पत्नी सोनिया राजनीति में आईं और ब्लॉक प्रमुख बनीं। लेकिन इसके कुछ ही समय बाद 2011 में उनके परिवार के 8 लोगों की निर्मम हत्या कर दी गई थी, जिसमें वह खुद गवाह थीं और उन्होंने कोर्ट में गवाही देकर आरोपियों को सजा भी दिलाई।

Muzaffarnagar Dowry Case: मुज़फ़्फ़रनगर में दहेज के लिए विवाहिता की हत्या, पति और ससुर सहित तीन गिरफ्तार

रीतू सिंह की शिकायत के अनुसार, अमरवीर की हत्या के करीब दो साल बाद रंजनवीर सिंह ने अपनी विधवा भाभी सोनिया से शादी कर ली थी। उस समय सोनिया को उनके हिस्से की संपत्ति सौंप दी गई थी और परिवार की अन्य संपत्तियों पर उनका कोई अधिकार नहीं बचा था। बावजूद इसके, आरोप है कि रंजनवीर अब भी आधी संपत्ति पर अपना दावा ठोक रहा है और दबंगई के दम पर कब्जा करना चाहता है।

रीतू सिंह के मुताबिक, सदर बाजार स्थित मकान और दुकान का बंटवारा हो चुका है और सभी को उनके हिस्से की संपत्ति पर कब्जा भी मिल चुका है, लेकिन रंजनवीर ने अभी तक भी उनके हिस्से की संपत्ति पर कब्जा किया हुआ है।

रीतू का आरोप है कि गांव की संपत्ति अभी तक आधिकारिक बंटवारा नहीं हुआ है, इसके बावजूद रंजनवीर ने दबंगता दिखाते हुए निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। इस मामले में पहले ही स्थानीय पुलिस और मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की जा चुकी है, लेकिन उसके बावजूद रंजनवीर जबरन निर्माण कार्य करा रहा है।

SP के नाम दी गई लिखित शिकायत के मुताबिक, शनिवार को जब रीतू सिंह अपनी सास के साथ गांव पहुंचीं तो वहां निर्माण कार्य चल रहा था। उन्होंने तुरंत डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को बुलाया, जिसके बाद पुलिस ने काम रुकवाकर दोनों पक्षों को कोतवाली भेज दिया।

आरोप है कि कोतवाली से बाहर निकलते समय रंजनवीर ने खुलेआम पूरे परिवार को “देख लेने” की धमकी दी, जिससे रीतू और उनका परिवार दहशत में है। रीतू सिंह का कहना है कि वह कई वर्षों से डर के कारण छिपकर मुजफ़्फ़रनगर से बाहर रहने को मजबूर हैं और उन्हें आशंका है कि उनके खिलाफ कोई झूठा मुकदमा भी दर्ज कराया जा सकता है।

इतना ही नहीं, शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि रंजनवीर का नाम पहले भी विक्की त्यागी जैसे बड़े हत्याकांड में साजिशकर्ता के रूप में सामने आ चुका है और वह फिलहाल कोर्ट से स्टे लेकर बाहर है। आरोप है कि वह पिछले 10 साल से सुरक्षाकर्मियों के दम पर इलाके में दबंगई करता है और लोगों को धमकाता रहता है।

रीतू सिंह ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की मांग करते हुए यह भी अपील की है कि रंजनवीर को दी गई सुरक्षा तत्काल प्रभाव से वापस ली जाए, क्योंकि उसका दुरुपयोग कर वह गैरकानूनी गतिविधियों को अंजाम दे रहा है।

फिलहाल इस पूरे मामले ने एक बार फिर जिले में हलचल मचा दी है। अब देखने वाली बात होगी कि पुलिस इस सनसनीखेज आरोपों पर क्या कार्रवाई करती है।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  26 April 2026, 7:27 PM IST