
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी (Img: Dynamite News)
Nainital: रामनगर में दहेज की मांग को लेकर एक नवविवाहिता की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका के मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति, सास, जेठ और ननद को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मामले में हत्या के बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश किए जाने की बात भी सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक, मुरादाबाद जिले के डिलारी थाना क्षेत्र के बुढनपुर निवासी नसीम अहमद ने 18 अक्टूबर 2026 को रामनगर कोतवाली में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी कोहिनूर का निकाह 16 मई 2026 को रामनगर के खताड़ी क्षेत्र निवासी उवेश के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार हुआ था।
आरोप है कि शादी में अपनी सामर्थ्य के अनुसार दहेज देने के बावजूद कोहिनूर के ससुराल पक्ष के लोग बुलेट मोटरसाइकिल और पांच लाख रुपये नकद की मांग कर रहे थे। तहरीर के अनुसार, 16 अक्टूबर को ससुराल पक्ष के लोगों ने कोहिनूर की हत्या कर दी।
मामले में पुलिस ने एफआईआर संख्या 339/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 80(2) में मुकदमा दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने संबंधित अधिकारियों को आरोपियों की गिरफ्तारी और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए।
ये भी पढे़ं- झांसी-इलाहाबाद स्नातक चुनाव: 25 हजार से ज्यादा मतदाता करेंगे वोट, पोलिंग पार्टियों ने संभाली कमान
पुलिस के अनुसार, पूछताछ और विवेचना में सामने आया कि कोहिनूर और उसके पति के बीच दहेज की रकम और पारिवारिक मामलों को लेकर विवाद होता था। घटना के दिन भी दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसमें परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल हो गए।
पुलिस के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर कोहिनूर को चारपाई पर गिराकर उसके मुंह में कपड़ा ठूस दिया गया। आरोप है कि उसके हाथ-पैर पकड़कर गर्दन पर दबाव बनाया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद घटना को आत्महत्या दिखाने के उद्देश्य से उसके गले में दुपट्टा बांधकर पंखे से लटकाने की कोशिश किए जाने की बात भी विवेचना में सामने आई है।
रामनगर पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें मृतका का पति उवेश (22), सास नसरीन (50), जेठ अनस (23) और ननद शबा (20) शामिल हैं। सभी रामनगर के खताड़ी क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और घटनाक्रम की जांच की जा रही है। अन्य व्यक्तियों की भूमिका और दूसरे साक्ष्यों के संबंध में भी विवेचना जारी है। आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम को प्रोत्साहित करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल ने 2,500 रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।
Location : Nainital
Published : 22 October 2026, 7:23 PM IST