
मुजफ्फरनगर पुलिस ने शातिर अपराधी को मारी गोली
अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले नेटवर्क पर पुलिस ने ऐसा शिकंजा कसा कि बदमाशों के होश उड़ गए। मुजफ्फरनगर में संदिग्ध स्कूटी सवारों की चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़ ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। गोलियों की आवाज के बीच पुलिस ने न सिर्फ एक बदमाश को घायल किया बल्कि उसके दो साथियों को भी दबोच लिया। घायल बदमाश अस्पताल ले जाते वक्त गिड़गिड़ाता रहा- “साहब अब पिस्टल नहीं बेचेंगे” लेकिन तब तक पुलिस उनके अवैध कारोबार का बड़ा भंडाफोड़ कर चुकी थी।
चेकिंग के दौरान भागे बदमाश, पुलिस पर झोंकी गोलियां
सोमवार को मुजफ्फरनगर की नगर कोतवाली पुलिस रामलीला टिल्ला चौकी क्षेत्र में वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक स्कूटी पर सवार तीन युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। नियाजीपुरा रोड पर घेराबंदी के बाद जब पुलिस ने उन्हें रुकने की चेतावनी दी तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश सोहेल पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके साथी दानिश और रिजवान को कांबिंग के दौरान पकड़ लिया गया।
मौके से पिस्टल, कारतूस और स्कूटी बरामद
पुलिस ने बदमाशों के पास से तीन अवैध पिस्टल, 15 जिंदा कारतूस, 4 खोखा कारतूस और एक स्कूटी बरामद की। घायल बदमाश को तुरंत अस्पताल भेजा गया, जबकि पकड़े गए दोनों आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ये लोग अवैध हथियारों की सप्लाई का काम करते थे और अलग-अलग जगहों पर पिस्टल की खरीद-फरोख्त करते थे।
पहले दिन भी चार तस्कर पकड़े गए
रविवार को भी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार हथियार तस्करों सिद्धार्थ, अमरीश, हिमांशु और दीपक को गिरफ्तार किया था। उनके पास से एक पिस्टल, एक रिवाल्वर, कारतूस और 5000 रुपये बरामद हुए थे। इस तरह 12 घंटे के भीतर कुल सात तस्करों की गिरफ्तारी और चार पिस्टल, एक रिवाल्वर समेत बड़ी मात्रा में कारतूस बरामद कर पुलिस ने हथियार सप्लाई चेन पर बड़ा वार किया है।
देहरादून लिंक की जांच, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
सीओ सिटी सिद्धार्थ के मिश्रा के मुताबिक पकड़े गए आरोपी पिस्टल सप्लायर हैं और इनके देहरादून तक कनेक्शन होने की बात सामने आई है। पुलिस अब इनके पूरे नेटवर्क, सप्लाई चैन और खरीदारों की जानकारी जुटाने में लगी है।
Location : Muzaffarnagar
Published : 16 February 2026, 4:35 PM IST