मुजफ्फरनगर में नकली शराब का खेल बेनकाब, 7 आरोपी गिरफ्तार; 3000 रुपये की बोतल में भरते थे सस्ती शराब

महंगी ब्रांडेड शराब पीने के शौकीन सावधान हो जाएं! कहीं जिस बोतल को आप हजारों रुपये खर्च करके खरीद रहे हैं, उसमें सस्ती शराब तो नहीं भरी गई है? उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में पुलिस ने ऐसे ही एक गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो सस्ती शराब को महंगी ब्रांडेड बोतलों में भरकर कई राज्यों में सप्लाई करता था।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 25 October 2026, 7:52 PM IST

Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के जनपद मुजफ्फरनगर की नगर कोतवाली पुलिस और जिला एसओजी की संयुक्त टीम ने शनिवार देर रात चेकिंग के दौरान रामपुर तिराहे के पास तीन कारों में सवार सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की पहचान अमित, मेहताब, राकेश, धीरज, रामप्रकाश, हरदीप और कुलदीप के रूप में हुई है। गिरफ्तार आरोपी उत्तर प्रदेश और हरियाणा से जुड़े बताए गए हैं।

210 शराब की बोतलें और नकली पैकिंग का सामान बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 210 ब्रांडेड शराब की बोतलें, 99 खाली बोतलें, ढक्कन, नकली रैपर बनाने की सामग्री और अन्य उपकरण बरामद किए हैं। इसके अलावा तीन कारें और पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

मुजफ्फरनगर नकली शराब रैकेट (Img: Dynamite News)

पुलिस का कहना है कि गिरोह शराब की बोतलों को इस तरह तैयार करता था कि वे देखने में असली ब्रांड की लगें। इसके लिए नकली रैपर और ढक्कन सील करने वाली विशेष मशीन का इस्तेमाल किया जाता था।

ये भी पढ़ें: Muzaffarnagar Accident: ताऊ के अंतिम संस्कार में जा रही महिला को सड़क पार करते ही डंपर ने कुचला; CCTV में कैद

200 रुपये की शराब को 3000 रुपये में बेचने का खेल

पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, गिरोह चंडीगढ़ से करीब 200 से 250 रुपये की सस्ती शराब खरीदता था। इसके बाद कबाड़ियों से पुरानी शराब की खाली बोतलें जुटाकर उनमें सस्ती शराब भरी जाती थी। बोतलों पर ब्रांडेड कंपनियों के नकली रैपर लगाकर उन्हें मशीन से सील किया जाता था।

मुजफ्फरनगर नकली शराब रैकेट (Img: Dynamite News)

इसके बाद बोतलों को पेटियों में पैक करके बाजार में सप्लाई किया जाता था। पुलिस के अनुसार, करीब 200 से 250 रुपये की शराब को 3000 रुपये तक की ब्रांडेड बोतल के रूप में बेचा जाता था। इस तरह गिरोह भारी मुनाफा कमाता था।

पांच राज्यों तक फैला था नेटवर्क

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गिरोह का नेटवर्क उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, बिहार, गुजरात और उत्तराखंड तक फैला होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि शराब की सप्लाई किन-किन स्थानों पर की जाती थी और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

ये भी पढ़ें: Muzaffarnagar Firing: बदमाशों ने पुलिस टीम पर बरसाई गोलियां, हेड कांस्टेबल घायल

एक्साइज एक्ट और धोखाधड़ी की धाराओं में कार्रवाई

एएसपी सिद्धार्थ के मिश्रा ने बताया कि नगर कोतवाली पुलिस और जिला एसओजी की संयुक्त कार्रवाई में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरोह संगठित तरीके से शराब की बोतलों की पैकिंग, सीलिंग, परिवहन और सप्लाई का काम करता था।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ आबकारी कानून, धोखाधड़ी और जालसाजी से संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। मामले की आगे जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस अवैध कारोबार में और कितने लोग शामिल हैं।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  25 October 2026, 7:52 PM IST