
मुजफ्फरनगर में ईद की नमाज शांतिपूर्ण (Img: Dynamite News)
Muzaffarnagar: मुजफ्फरनगर में ईद-उल-अजहा का पर्व पूरे धार्मिक उत्साह, अमन और भाईचारे के साथ मनाया गया। जनपद की विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों में हजारों अकीदतमंदों ने नमाज अदा कर देश में शांति और खुशहाली की दुआ मांगी। शामली स्टैंड स्थित ईदगाह में मुफ्ती अली हसन ने ईद की नमाज अदा कराई, जहां नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर मुबारकबाद दी।
सुबह से ही ईदगाहों और मस्जिदों में लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी पारंपरिक परिधानों में पहुंचे और नमाज अदा की। शहर काजी ने लोगों से अपील की कि ईद का त्योहार भाईचारे और साफ-सफाई के साथ मनाया जाए तथा कुर्बानी के दौरान विशेष सावधानी बरती जाए।
ईद-उल-अजहा को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। एसएसपी, डीएम और एसपी सिटी सहित वरिष्ठ अधिकारी लगातार मौके पर मौजूद रहे और व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे। पूरे जनपद को जोन और सेक्टर में बांटकर पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए ड्रोन कैमरों, सीसीटीवी कैमरों, वज्र वाहनों और कंट्रोल रूम का उपयोग किया गया। पूरे शहर की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी गई ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किया।
UP Weather Alert: यूपी में बदलने वाला है मौसम, कई जिलों में बारिश का बड़ा अलर्ट, IMD ने दी चेतावनी
अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाएं। किसी भी समस्या या अफवाह की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना देने की सलाह दी गई।
Location : Muzaffarnagar
Published : 28 May 2026, 9:42 AM IST