मां-बेटी सीढ़ियों पर, पिता छत और बेटे का शव बिस्तर के नीचे मिला…बांग्लादेश में हिंदू परिवार की संदिग्ध मौत

बांग्लादेश के रंगपुर शहर में एक हिंदू परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। रिटायर्ड शिक्षक गणपति चक्रवर्ती, उनकी पत्नी प्रीतिलता, बेटी अगामी और 12 वर्षीय बेटे प्रियम के शव शनिवार रात उनके बंद घर से बरामद किए गए।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 23 August 2026, 1:59 PM IST

Dhaka: बांग्लादेश के रंगपुर शहर में एक हिंदू परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। रिटायर्ड शिक्षक गणपति चक्रवर्ती, उनकी पत्नी प्रीतिलता, बेटी अगामी और 12 वर्षीय बेटे प्रियम के शव शनिवार रात उनके बंद घर से बरामद किए गए।

घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस, सीआईडी और डिटेक्टिव ब्रांच मामले की जांच में जुटी हुई हैं।

दो दिन से बंद थे परिवार के मोबाइल फोन

मृतक परिवार के रिश्तेदारों के मुताबिक, गुरुवार रात से चारों सदस्यों के मोबाइल फोन बंद आ रहे थे। इसके बाद शनिवार रात परिजन दशपाड़ा (मच्छुआपाड़ा) स्थित उनके घर पहुंचे।

बताया गया कि घर का मुख्य गेट बंद था और अंदर की लाइटें भी बंद थीं। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और ताला तोड़कर घर के अंदर दाखिल हुई, जहां चारों के शव मिले।

मां-बेटी के शव सीढ़ियों के पास, पिता का शव छत पर मिला

रंगपुर मेट्रोपॉलिटन सीआईडी के प्रभारी सुबीर चौधरी के अनुसार, घर के अंदर चारों शव अलग-अलग जगहों पर मिले।

पुलिस के मुताबिक, गणपति चक्रवर्ती की पत्नी प्रीतिलता और बेटी अगामी के शव सीढ़ियों के पास मिले, जबकि गणपति चक्रवर्ती का शव छत पर बरामद किया गया। वहीं, 12 वर्षीय बेटे प्रियम का शव बिस्तर के नीचे मिला।

मृतकों की पहचान, परिवार में कोई दुश्मनी नहीं थी

मृतकों की पहचान रंगपुर जिला स्कूल के रिटायर्ड शिक्षक गणपति चक्रवर्ती (65), उनकी पत्नी प्रीतिलता चक्रवर्ती (50), बेटी अगामी चक्रवर्ती प्रार्थी (23) और बेटे प्रियम चक्रवर्ती (12) के रूप में हुई है।

परिजनों का कहना है कि गणपति चक्रवर्ती का किसी से कोई विवाद या दुश्मनी नहीं थी। उन्होंने पिछले साल स्कूल से रिटायर होने के बाद होम्योपैथिक चिकित्सक के रूप में काम करना शुरू किया था।

रिश्तेदारों ने जताई हत्या की आशंका

गणपति चक्रवर्ती की भतीजी सोमा चक्रवर्ती ने बताया कि उन्होंने गुरुवार दोपहर आखिरी बार अपने चाचा से बात की थी। शनिवार रात परिवार की मौत की खबर मिलने के बाद वह मौके पर पहुंचीं।

परिजनों ने कहा कि वे यह समझ नहीं पा रहे हैं कि पूरे परिवार की मौत कैसे हुई और इसके पीछे किसका हाथ हो सकता है।

मौत की वजह अभी साफ नहीं, जांच जारी

रंगपुर मेट्रोपॉलिटन कोतवाली थाने के अधिकारियों के अनुसार, घर बाहर से बंद था और पुलिस ने ताला तोड़कर प्रवेश किया था। फिलहाल मौत के कारण, घटना का समय और इसके पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

पुलिस और जांच एजेंसियां घटनास्थल से मिले सबूतों की जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।

Location :  Bangladesh

Published :  23 August 2026, 1:59 PM IST