जिस इंजन को ठीक करने पहुंचे थे रामकिशन, उसी का व्हील बना मौत की वजह; धमाके में गई जान

हाथरस के सासनी क्षेत्र के ऊस्वा गांव में शुक्रवार सुबह डीजल इंजन की मरम्मत के दौरान अचानक व्हील फट गया। तेज धमाके की चपेट में आने से करीब 60 वर्षीय मिस्त्री रामकिशन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि इंजन मालिक दीपक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 21 August 2026, 1:05 PM IST

Hathras: हाथरस के सासनी इलाके में शुक्रवार सुबह डीजल इंजन की मरम्मत के दौरान अचानक हुए धमाके ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। इंजन का व्हील इतनी तेज आवाज के साथ फटा कि आसपास मौजूद लोग भी सहम गए। हादसे में इंजन की मरम्मत कर रहे करीब 60 वर्षीय मिस्त्री रामकिशन गंभीर रूप से घायल हो गए। चोटें इतनी गंभीर थीं कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं इंजन मालिक भी हादसे की चपेट में आकर घायल हो गया। घटना कोतवाली सासनी क्षेत्र की खंडेलवाल चौकी के अंतर्गत आने वाले ऊस्वा गांव की है।

इंजन ठीक करने पहुंचे थे रामकिशन

मृतक की पहचान ऊस्वा गांव निवासी करीब 60 वर्षीय रामकिशन पुत्र सियाराम के रूप में हुई है। बताया गया है कि रामकिशन लंबे समय से डीजल इंजन की मरम्मत का काम करते थे। इसी काम के सिलसिले में शुक्रवार सुबह करीब सात बजे वह गांव में ही एक डीजल इंजन को ठीक करने पहुंचे थे। परिजनों के मुताबिक, रामकिशन इंजन की मरम्मत में जुटे हुए थे। इसी दौरान इंजन के व्हील में अचानक जोरदार धमाका हुआ। देखते ही देखते रामकिशन इसकी चपेट में आ गए। धमाका इतना तेज था कि आसपास मौजूद लोगों को कुछ समझने का मौका तक नहीं मिला।

हाथरस जिला अस्पताल में बदली इमरजेंसी की तस्वीर, 20 बेड की नई व्यवस्था शुरू; मरीजों को मिलेंगी ये सुविधाएं

इंजन मालिक भी हादसे में घायल

इस हादसे में इंजन मालिक दीपक पुत्र रामबाबू भी घायल हो गए। उनकी उम्र करीब 32 वर्ष बताई जा रही है। अचानक हुए धमाके में उन्हें भी चोटें आईं। ग्रामीणों ने दोनों घायलों को संभाला और इलाज के लिए ले जाने का प्रयास किया। रामकिशन की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवार में कोहराम मच गया।

व्हील में पहले से चटका होने का लगाया आरोप

हादसे के बाद मृतक के परिजनों ने इंजन के व्हील को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि इंजन का व्हील पहले से ही चटका हुआ था। इसी वजह से मरम्मत के दौरान उस पर दबाव पड़ा और वह अचानक तेज धमाके के साथ फट गया। हालांकि व्हील की वास्तविक स्थिति क्या थी और हादसा आखिर किस तकनीकी वजह से हुआ, यह जांच के बाद ही साफ हो पाएगा।

टाइल्स-पत्थर से सजाता था दूसरों का घर, खुद का चिराग बुझा गया रफ्तार का कहर! हाथरस में दर्दनाक हादसा

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलते ही खंडेलवाल चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही हादसे की जानकारी ली। इसके बाद रामकिशन के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि डीजल इंजन का व्हील किस स्थिति में था और मरम्मत के दौरान अचानक उसके फटने की वजह क्या रही। साथ ही पुलिस हादसे के संबंध में प्रत्यक्षदर्शियों और संबंधित लोगों से भी जानकारी ले रही है।

Location :  Hathras

Published :  21 August 2026, 1:05 PM IST