
राज सिंह मां के साथ
Ballia: पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष Suvendu Adhikari के पूर्व निजी सहायक चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में शक के आधार पर गिरफ्तार किए गए राज सिंह को रिहा कर दिया गया है। गुरुवार को राज सिंह मीडिया के सामने आया और पूरे मामले को लेकर बड़ा बयान दिया। उसने कहा कि अगर मामले की जांच सीबीआई के पास नहीं जाती, तो उसका कभी भी एनकाउंटर हो सकता था।
राज सिंह ने कहा कि गिरफ्तारी के बाद उस पर काफी मानसिक दबाव बनाया गया। वह पूरी तरह घबरा गया था और उसे डर था कि कहीं पुलिस उसे गोली न मार दे। हालांकि परिवार और सबूतों के दम पर वह खुद को बेगुनाह साबित करने में सफल रहा। उसने कहा कि अगर परिवार उसके साथ मजबूती से खड़ा नहीं होता, तो शायद आज वह जिंदा नहीं होता।
राज सिंह की बहन दीपशिखा ने पहले ही जानकारी दी थी कि कोलकाता कोर्ट से उसे राहत मिल गई है। अदालत ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य दस्तावेजों के आधार पर माना कि घटना के दिन राज सिंह बलिया में मौजूद था। सीबीआई ने भी परिवार द्वारा दिए गए सबूतों की जांच की, जो सही पाए गए। रिहा होने के बाद राज सिंह ने घर पहुंचकर मां जामवंती से लिपटकर पूरी आपबीती सुनाई।
राज सिंह ने कहा कि यदि परिवार ने सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित नहीं रखा होता, तो शायद वह आज लोगों के बीच मौजूद नहीं होता। उसने कहा कि उसे अपने बेगुनाह होने का भरोसा था, क्योंकि उसके पास मजबूत सबूत थे। राज सिंह ने यह भी कहा कि वह अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा, पूर्वांचल प्रांत का प्रदेश सचिव है, लेकिन संगठन मुश्किल समय में उसके साथ नहीं खड़ा हुआ। ऐसे में वह जल्द इस्तीफा दे सकता है।
राज सिंह की मां जामवंती ने कहा कि उन्हें भगवान रामलला पर पूरा भरोसा था। उन्होंने बताया कि गिरफ्तारी से पहले वह अयोध्या में रामलला के दर्शन करके आए थे और उन्हें विश्वास था कि उनका बेटा निर्दोष साबित होकर लौटेगा।
Location : Ballia
Published : 21 May 2026, 5:10 PM IST
Topics : Ballia News CBI Investigation News Chandranath Rath murder Raj Singh Released Suvendu Adhikari PA Murder Case