
झोलाछाप के इलाज से मासूम की मौत (Img: Dynamite News)
Mainpuri: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में कथित झोलाछाप के इलाज के बाद सात वर्षीय मासूम की मौत का मामला सामने आया है। कुरावली थाना क्षेत्र के लखौरा गांव में बुखार से पीड़ित बच्चे को कथित तौर पर ड्रिप चढ़ाने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी क्लिनिक बंद कर फरार हो गया। स्वास्थ्य विभाग ने क्लिनिक सील कर दिया है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, जखौआ गांव निवासी हरगोविंद का सात वर्षीय बेटा प्रतीक, जो कक्षा एक का छात्र था, पिछले दो दिनों से तेज बुखार से पीड़ित था। बुधवार सुबह उसकी तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे लखौरा स्थित बलरामपुर रोड पर एक निजी क्लिनिक में ले गए, जहां कथित झोलाछाप हरीराम शाक्य इलाज कर रहा था। परिजनों का आरोप है कि बच्चे को ड्रिप चढ़ाने के दौरान उसकी हालत और बिगड़ गई। इसके बाद कथित डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल ले जाने की सलाह दी। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
मासूम की मौत से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने बच्चे का शव क्लिनिक के बाहर रखकर प्रदर्शन किया और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि संबंधित व्यक्ति बिना मान्यता के इलाज करता था और पहले भी उसके इलाज पर सवाल उठ चुके हैं। कुछ ग्रामीणों ने यह भी दावा किया कि वह कई बार नशे की हालत में मरीजों का इलाज करता था। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
घटना की सूचना मिलते ही कुरावली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, सीएमओ डॉ. आर.सी. गुप्ता के निर्देश पर नोडल अधिकारी डॉ. आशुतोष कुमार ने संबंधित क्लिनिक को सील कर दिया।
Mainpuri: साहब, मेरी बेटी को फिर छीन ले गए दबंग… लाचार मां की चीख से कांपा SP दफ्तर
सीएमओ ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कराई जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि बुखार या अन्य बीमारी की स्थिति में बिना मान्यता वाले लोगों से इलाज कराने के बजाय सरकारी या पंजीकृत अस्पतालों का ही रुख करें।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
Location : Mainpuri
Published : 9 July 2026, 12:36 PM IST