मैनपुरी में काली करतूत: महिला ने जेवर गिरवी रखकर दिए 40 हजार, फिर भी नहीं हुआ काम!

मैनपुरी की एक दिव्यांग महिला ने ऐसा आरोप लगाया है जिसने राजस्व विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। महिला का दावा है कि जमीन की पैमाइश कराने के लिए उसने जेवर तक गिरवी रख दिए, लेकिन काम फिर भी नहीं हुआ। अब उसने जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है।

Post Published By: Subhash Raturi
Updated : 29 June 2026, 5:48 PM IST

Mainpuri: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले से भ्रष्टाचार का एक गंभीर मामला सामने आया है। घिरोर तहसील क्षेत्र के विक्रमपुर गांव की रहने वाली दिव्यांग महिला नीरज देवी ने क्षेत्रीय लेखपाल पंकज पर जमीन की पैमाइश कराने के नाम पर रिश्वत लेने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पूरे मामले की लिखित शिकायत जिलाधिकारी को देकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। महिला का कहना है कि सरकारी काम कराने के लिए उससे बड़ी रकम मांगी गई, जिसे जुटाने के लिए उसे मजबूरी में अपने जेवर तक गिरवी रखने पड़े।

'40 हजार दिए, फिर भी नहीं हुआ काम'

शिकायत के अनुसार, नीरज देवी अपनी जमीन की पैमाइश करवाना चाहती थीं। उनका आरोप है कि लेखपाल ने इस काम के बदले 40 हजार रुपये की मांग की। आर्थिक तंगी के बावजूद उन्होंने किसी तरह अपने जेवर गिरवी रखकर पैसे जुटाए और संबंधित कर्मचारी को दे दिए। महिला का दावा है कि इतनी बड़ी रकम देने के बाद भी जमीन की पैमाइश नहीं कराई गई। इतना ही नहीं, अब उनसे अतिरिक्त 50 हजार रुपये और मांगे जा रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों की अभी प्रशासनिक जांच होनी बाकी है।

जिम्स अस्पताल के स्टाफ पर लाठीचार्ज के विरोध में भाकियू का हल्ला बोल, नोएडा पुलिस की नीतियों के खिलाफ खोला मोर्चा

पैसे नहीं होने पर पहुंचीं डीएम के दरबार

दिव्यांग महिला ने बताया कि उनकी आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है और अब अतिरिक्त पैसे देना उनके लिए संभव नहीं है। कई बार अधिकारियों के दफ्तरों के चक्कर लगाने के बाद भी जब कोई समाधान नहीं निकला तो उन्होंने जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी को लिखित शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई। महिला ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

डीएम ने दिए जांच के आदेश

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने संबंधित अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। डीएम ने स्पष्ट किया कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि पीड़िता को न्याय मिले।

भागो-भागो! नोएडा में फिर अग्निकांड, 10 मिनट में बिल्डिंग खाली और 20 मिनट में सब मिट्टी में मिला; CFO ने बताई हादसे की सच्चाई

जांच के बाद सामने आएगी सच्चाई

इस शिकायत के सामने आने के बाद राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है और सभी पक्षों से जानकारी जुटाई जा रही है।

Location :  Mainpuri

Published :  29 June 2026, 5:48 PM IST