Mainpuri Crime: पहले ट्रक की टक्कर, फिर बाइक सवारों ने घेरा; गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला इलाका

मैनपुरी में रविवार रात एक मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी वारदात में बदल गया। एक घटना के बाद दूसरी गोलीबारी ने पुलिस को भी सकते में डाल दिया। कुछ ही देर के अंतराल में सामने आए दो मामलों ने इलाके में सनसनी फैला दी। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 31 August 2026, 10:25 AM IST

Mainpuri: एलाऊ थाना क्षेत्र में रविवार रात ट्रक की एक मकान की दीवार से टक्कर के बाद शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में गोलीकांड में बदल गया। बाइक सवार युवकों ने ट्रक का पीछा कर उसे रास्ते में रोक लिया और फायरिंग कर दी। गोली लगने से ट्रक के क्लीनर की मौत हो गई, जबकि चालक घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार, ट्रक सोलर प्लेट लेकर बेवर की ओर जा रहा था। गांव अघार में ट्रक सड़क किनारे पूर्व प्रधान विनोद कुमार के घर की दीवार से टकरा गया। टक्कर के कारण दीवार पर लगी बिजली की केबल भी टूट गई।

मारपीट के बाद ट्रक लेकर निकल गए चालक और क्लीनर

हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोग जुट गए। आरोप है कि लोगों ने ट्रक चालक कुलदीप निवासी जौराई, थाना कुर्रा और क्लीनर सुभाष कुमार के साथ मारपीट शुरू कर दी।

स्थिति बिगड़ती देख चालक और क्लीनर ट्रक लेकर वहां से निकल गए। उन्हें शायद अंदाजा नहीं था कि विवाद अभी खत्म नहीं हुआ है।

डेढ़ किलोमीटर आगे बाइक सवारों ने घेरा

बताया गया कि ट्रक के आगे बढ़ने के बाद बाइक सवार कुछ युवकों ने उसका पीछा शुरू कर दिया। करीब डेढ़ किलोमीटर दूर संतोषपुर गांव के पास युवकों ने ट्रक को रोकने के लिए सड़क पर अवरोध डाल दिया।

आरोप है कि ट्रक रुकते ही युवकों ने तमंचों से चालक और क्लीनर पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से क्लीनर सुभाष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं चालक कुलदीप भी गोली लगने से घायल हो गया।

Ankit Baliyan Murder | Video | सुबह 4 बजे बाइक से आते दिखे थे Shooter: दो का हाफ Encounter, दो अभी भी फरार

पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी गणेश प्रसाद साहा और एएसपी नगर अरुण कुमार सिंह कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

आधे घंटे में दूसरी गोलीबारी से सनसनी

इसी दौरान भोगांव थाना क्षेत्र में भी पुष्पेंद्र कुमार को गोली मारकर घायल किए जाने की सूचना सामने आई। पुलिस के मुताबिक, पुष्पेंद्र का पत्नी से विवाद चल रहा था। आरोप है कि उसके साले ने अपने साथियों के साथ मिलकर उस पर गोली चला दी।

एक ही रात में करीब आधे घंटे के अंतराल में सामने आई दोनों गोलीबारी की घटनाओं से पुलिस के सामने चुनौती बढ़ गई है। दोनों मामलों में पुलिस अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही है।

Shamli Encounter: अंकित बालियान हत्याकांड में बड़ा एक्शन, दो शार्प शूटर ढेर; मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी घायल

जांच में जुटी पुलिस

घायल ट्रक चालक और पुष्पेंद्र को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस दोनों मामलों में आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद गोलीकांड से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा किया जाएगा।

Location :  Mainpuri

Published :  31 August 2026, 10:25 AM IST